उप परिवहन आयुक्त ने किया निरीक्षण
परिवहन विभाग के मेरठ मंडल के नवनियुक्त उप परिवहन आयुक्त परिवहन कार्यालय पहुंचे।
जागरण संवाददाता, नोएडा : परिवहन विभाग के मेरठ मंडल के नवनियुक्त उप परिवहन आयुक्त राजीव श्रीवास्तव ने शनिवार को सेक्टर 33 स्थित परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान कोरोना महामारी की रोकथाम और उससे बचाव को लेकर चर्चा की। साथ ही राजस्व वसूली व अन्य विभागीय कार्यों के बारे में जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान आरटीओ हिमेश तिवारी, एआरटीओ प्रशासन एके पांडे, एआरटीओ अजय मिश्रा, एआरटीओ प्रशांत मिश्रा न पीटीओ ज्योति मिश्रा मौजूद रहीं।
एआरटीओ प्रशासन एके पांडे ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे नवनियुक्त उप परिवहन आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर महामारी के दौरान किस तरह आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके कार्य किए जाएं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जितनी जल्दी हो सके आवेदकों के कार्य पूरे किए जाएं, जिससे कि कार्यालय में भीड़ न जुट सके। समय समय पर सैनिटाइजेशन व साफ सफाई कराई जाए। राजस्व वसूली को लेकर भी जानकारी जुटाई। निर्देश दिए कि अब राजस्व की बढ़ोतरी के लिए विभागीय कार्यों में तेजी लाए जाए।