UP: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पति से विवाद के बाद महिला बच्चे के साथ 17वें फ्लोर से कूदी, दोनों की मौत
महिला का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस बीच पति घर छोड़कर चला गया तो महिला ने बच्चे के साथ आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मां बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा में मां और बच्चे की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जागरण संवाददाता से मिली जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सुपरटेक इको विलेज 1 सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने अपने बच्चे के साथ 17वी मंजिल से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि महिला का पति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस बीच पति घर छोड़कर चला गया तो महिला ने बच्चे के साथ आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मां बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने सोसाइटी में रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए हैं जिसमें पता चला है कि पूर्व में भी महिला व उसके पति के बीच विवाद होता रहता था।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इको विलेज 1 सोसाइटी के बी टावर में प्रियंका त्यागी अपने परिवार के साथ रहती थीं। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर उनका अपने पति से विवाद हो गया विवाद के बाद पति फ्लैट से चले गए। पति के जाने से मानसिक तनाव महसूस कर रही प्रियंका ने बेटे दिव्यांशु त्यागी के साथ 17वीं मंजिल से छलांग लगा दी। घटना में मां बेटे दोनों की मौके पर मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि सोसाइटी में तैनात सुरक्षा गार्ड ने दोनों को छलांग लगाते हुए देखा और मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पति की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला है। महिला का पति सोसाइटी में भी नहीं है। पुलिस उसका फोन नंबर हासिल कर संपर्क करने का प्रयास कर रही है। बिसरख कोतवाली प्रभारी मुनीष चौहान ने बताया कि मां बेटे दोनों की मौत हो गई है। मामले की जांच की जा रही है। विवाद का कारण अभी पूर्ण रुप से स्पष्ट नहीं हो सका है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो