Weather update Noida: नोएडा में बढ़ती गर्मी के बीच फिर कल होगी बारिश, जानिए मौसम का ताजा हाल
दो दिन की बारिश के बाद अधिकतम तापमान फिर से बढ़ने से नोएडावासी फिर से उमस गर्मी को झेलने को मजबूर हो गए हैं।
नोएडा, जागरण संवाददाता। दो दिन की बारिश के बाद अधिकतम तापमान फिर से बढ़ने लगा है। सोमवार को तापमान रविवार की तुलना में तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले दो दिनों तक मौसम कुछ ठीक रहा। गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान कर रखा है।
नमी से बढ़ रही गर्मी
वहीं, मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार को बारिश की संभावना जताई है। रविवार को 5.6 मिलीमीटर तक की बारिश हुई थी। इससे तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन बढ़ी हुई नमी ने गर्मी बढ़ाने का काम किया है। सोमवार को नमी का स्तर 70 फीसद रहने से सोमवार सुबह से ही गर्मी रही। दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई। सूरज की तपिश ने घरों से बाहर निकले लोगों को काफी परेशान किया।
कल फिर बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने कल फिर से बारिश की संभावना जताई है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश हो सकती है। उधर, स्काईमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पंजाब के ऊपर बना हुआ है।
धूल भरी आंधी के साथ होगी बारिश
वहीं, गुजरात व बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी भागों पर बना चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र जल्द ही एक निम्न दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो सकता है। इन सभी के प्रभाव से कल फिर से दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलेगा। धूल भरी आंधी और गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। बता दें कि इससे पहले भी मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी की चेतवानी जारी की थी। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण एनसीआर में कई लोग बीमार हो रहे हैं। कोरोना के बीच मौसम भी लगातार लोगों की अपनी तल्खी से परेशान कर रहा है।