ग्रेटर नोएडा में लड़की का अश्लील वीडियो बनाने की मिली सजा, पंचायत ने पहले मारा फिर पहनाया जूतों का माला
दो लड़कों की जमकर पिटाई करने के बाद जूतों की माला पहनाने का है। पंचायत करने वालों ने दोनों युवकों के सामाजिक बहिष्कार का भी निर्णय सुनाया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने पड़ोस की एक लड़की का आपत्तिजनक वीडिय़ो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था।
दादरी, ग्रेटर नोएडा [मनीष तिवारी]। पुलिस व न्यायालय की कार्रवाई से इतर तालिबानी पंचायतों का दौर हाईटेक शहर गौतमबुद्धनगर में बदस्तूर जारी है। ताजा मामला पंचायत में दो लड़कों की जमकर पिटाई करने के बाद जूतों की माला पहनाने का है। पंचायत करने वालों ने दोनों युवकों के सामाजिक बहिष्कार का भी निर्णय सुनाया है। आरोप है कि दोनों युवकों ने पड़ोस की एक लड़की का आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया था। पंचायत में युवकों की पिटाई व जूते की माला पहनाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दादरी का है यह मामला
दादरी कोतवाली क्षेत्र की एक काॅलोनी में रहने वाले दो युवकों ने कुछ दिन पूर्व पड़ोस की एक लड़की का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था। दोनों ने लड़की को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। सफल न होने पर वीडियो वायरल कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने दोनों लड़कों पर आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की शिकायत की।
पुलिस ने दो घंटे में ही छोड़ दिया
पुलिस ने दोनों लड़कों को लगभग दो घंटे तक हिरासत में रखा। इसके बाद में दोनों परिवार के लोगों के बीच समझौता होने पर युवकों को छोड़ दिया गया। इसके बाद मोहल्ले में एक स्थान पर पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में मोहल्ले के कई सम्मानित लोग व बड़े बुजुर्ग भी बैठे। दोनों पक्ष की बातों को सुना गया।
पंचायत में लड़कों की हुई पिटाई
लड़कों से पूछा गया कि उनके पास मामले का वीडियो या फोटो है, दोनों ने मना कर दिया। पंचायत में शामिल एक अध्यापक सहित दो लोगों ने दोनों युवक की पिटाई की। उन्हें कई थप्पड़ मारे गए। एक व्यक्ति ने डंडे से भी आरोपित युवक को मारा। इतने से मन नहीं भरा तो जूते व चप्पल की माला बना दोनों को अलग-अलग पहनाई गई। पंचायत का वीडियो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एसीपी नितिन कुमार का कहना है कि पंचायत में युवकों की पिटाई की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।