Move to Jagran APP

यमुना एक्सप्रेस पर भीषण सड़क हादसा, कार सवार 2 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल Noida News

ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेस वे पर गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी के पास बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर हो गई है। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई।

By Mangal YadavEdited By: Published: Fri, 13 Sep 2019 07:09 PM (IST)Updated: Fri, 13 Sep 2019 09:52 PM (IST)
यमुना एक्सप्रेस पर भीषण सड़क हादसा, कार सवार 2 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल Noida News
यमुना एक्सप्रेस पर भीषण सड़क हादसा, कार सवार 2 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल Noida News

ग्रेटर नोएडा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस पर सड़क हादसे कम होने के नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के पास का है। यहां पर यूपी परिवहन निगम की बस और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है।

loksabha election banner

घटनास्थल से जो तस्वीरे सामने आयी हैं उसे देखकर यही लग रहा है कि कार काफी तेज रफ्तार में थी। हादसे में कार लगभग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। जबकि बस का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। 

 

जानकारी के अनुसार, बीटा दो कोतवाली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर जीरो प्वाइंट से चार किलोमीटर पर तेज रफ्तार कार उछल कर दूसरी तरफ जा रही नोएडा डिपो की बस से टकरा गई। घटना में कार सवार दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि तीन छात्र घायल हैं। सभी छात्र एमिटी विश्वविद्यालय के थे। पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस ने बताया एक कार में सवार होकर एमिटी के पांच छात्र शिवानी यादव, ओवेश चौधरी, सौर्य गुप्ता,साईं शर्मा व अदिति सक्सेना आगरा की तरफ से आ रहे थे। कार की रफ्तार काफी तेज थी। यमुना एक्सप्रेस-वे पर गौतमबुद्ध विवि के पास से तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी तरफ जा रही बस से टकरा कर पलट गई। बस आगरा की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।बस से उतरकर सवारियों ने कार को सीधा किया। कार में आगे की तरफ लगे दोनों एयरबैग खुल गए थे। इस कारण आगे बैठे दो लोगों की जान बच गई।

यात्रियों ने बस में रखी लोहे की राड से कार के गेट को तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कार में सवार गाजियाबाद निवासी छात्रा शिवानी यादव व ओवेश चौधरी निवासी गरिमा गार्डेन साहिबाबाद की मौत हो गई। जबकि शौर्य गुप्ता, साईं शर्मा व अदिति सक्सेना घायल हैं।

तीनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी छात्रों के बारे में जानकारी के लिए विवि से संपर्क किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर जाम लग गया। क्रेन की मदद से कार व बस को एक्सप्रेस वे से हटाया गया। बस के यात्री दूसरी बस से आगरा रवाना हुए।

इससे पहले 10 सितंबर को यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट पर तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराकर नीचे गिर पड़ी थी। इसके चलते बाइक सवार दो युवक गौरव और पल्लव दत्त की मौत हो गई। गौरव अलीगढ़ के बन्ना देवी के रहने वाले थे और पल्लव आगरा के आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले थे।

मूल रूप से आगरा के साई सदन आवास विकास कॉलोनी सेक्टर आठ सिकंदरा के रहने वाले 46 वर्षीय पल्लव गौड़ और अलीगढ़ के राम नगर कॉलोनी आइटीआइ रोड बन्ना देवी के रहने वाले 35 वर्षीय गौरव चौहान एक फैक्ट्री में नौकरी करते थे। पल्लव क्षेत्रीय प्रबंधक व गौरव क्षेत्रीय सेल्स एक्जीक्यूटिव थे। दोनों मंगलवार सुबह नौ बजे के करीब बुलेट पर सवार होकर नोएडा की तरफ आ रहे थे।

यमुना एक्सप्रेस वे पर जीरो प्वाइंट के समीप जब दोनों पहुंचे तो तेज रफ्तार में एक्सप्रेस वे से नीचे उतरने के दौरान कर्व पर उनकी बुलेट अनियंत्रित हो गई और रेलिग से टकराकर 30 फिट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी। हादसे में पल्लव व गौरव दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल लाया गया, जहां डाक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

दिल्ली-NCR की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां पर करें क्लिक

ये भी पढ़ेंः नोएडा-गाजियाबाद में चेकिंग के डर से सैकड़ों ऑटो सड़क से गायब, पीक ऑवर में यात्री परेशान


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.