Greater Noida News: जनसेवा केंद्रों पर फ्री में होगा कोरोना टीकाकरण के लिए पंजीकरण
Greater Noida News गौतमबुद्धनगर जिले 400 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हैं। अब तक 5100 लोगों को टीकाकरण अभियान के तहत पंजीकृत किया गया है। केंद्र सुचारु रूप से अपने नियमित समय सुबह 10 बजे से 4 बजे तक खोले जा रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा/बिलासपुर [घनश्याम पाल]। दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण क्षेत्र के लोग टीकाकरण के लिए अब कॉमन सर्विस सेंटर यानी जन सेवा केंद्रों पर पंजीकरण करा सकेंगे। ग्रामीण नागरिकों को हो रही कठिनाइयों को देखते हुए उतर प्रदेश सरकार ने अपने कॉमन सर्विस सेंटर 3.0 परियोजना के सभी 93,000 केंद्रों पर पंजीकरण की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इसके लिए मेंडिस्ट्रिक्ट सर्विस प्रोवाइडर्स और विलेज लेवेल इंटरप्रेन्योर्स को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों के ऐसे लोग जो तकनीकी रूप से दक्ष नहीं हैं वह अब टीकाकरण के लिए अपना पंजीकरण बिना किसी असुविधा के करा सकेंगे।
गौतमबुद्धनगर जिले 400 से अधिक कॉमन सर्विस सेंटर संचालित हैं। अब तक 5100 लोगों को टीकाकरण अभियान के तहत पंजीकृत किया गया है। केंद्र सुचारु रूप से अपने नियमित समय सुबह 10 बजे से 4 बजे तक खोले जा रहे हैं। ग्रामीण का केंद्र पर कम पहुंच रहे हैं। - शुभम शर्मा, जिलाध्यक्ष जनसेवा केंद्र गौतमबुद्ध नगर
हमारे केंद्र से टीकाकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 76 लोगों को पंजीक्रत किया जा चुका है। लॉकडाउन के समय पर भी केंद्र को लोगों की सुविधा के लिए नियमित समय पर खोला जा रहा है। पंजीकरण के लिए जागरूकता का अभाव है। - होमनिधि शर्मा, प्रभारी जनसेवा केंद्र बिलासपुर
पंजीकरण अभियान के अंतर्गत अब तक 80 लोगों को पंजीकृत किया जा चुका है तथा केंद्र खोलने में किसी भी प्रकार की प्रशसनिक समस्या नहीं हुई है केंद्रों पर कोविड नियमों का पालन पूर्ण रूप से किया जा रहा है। जागरूकता अभियान की जरूरत है। - रवि भाटी, प्रभारी जनसेवा केंद्र मकोड़ा
अब तक 62 लोगों को केंद्र द्वारा पंजीकृत किया जा चुका है एवं टीकाकरण जन जागरण के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। - सुभाष नागर, प्रभारी जनसेवा केंद्र सलारपुर
गांवों में कोविड टीकाकरण के लिए अपने नजदीक जनसेवा केंद्र पर पंजीकरण जागरुकता अभियान के तहत अलख जगाने का कार्य पर्यावरण संरक्षण समिति करेगी। - मास्टर महकार नागर, चचूला
कोविड टीकाकरण के लिए ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए युवाओं को गांव गांव जागरुक कर जनसेवा केंद्र के माध्यम से पंजीकरण कराया जाएगा। - राधे भाटी, पतलाखेड़ा
क्षेत्र के सभी सामाजिक कार्यकर्ता व सामाजिक संगठनों को संगठित कर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।-
ओंकार भाटी, संयोजक मेरठ मंडल विश्व हिंदू महासंघ उत्तर प्रदेश