Noida Weather Update: ज्यादा दिन नहीं रहेगा राहत का दौर, जानिए- फिर कब बढ़ेगी गर्मी-चलेगी लू
Noida Weather Update दिल्ली-एनसीआर में अगले चार-पांच दिनों तक हवाओं का रुख पूरब से रहेगा। अरब सागर से भी हवाएं आएंगी। इस कारण यहां पर वातावरण में नमी रहेगी।
नोएडा [बिलाल मोहम्मद]। Noida Weather Update: दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मौसम के करवट लेने से शहरवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार शाम करीब छह बजे बारिश हुई, इससे मौसम सुहावना हो गया। अधिकतम पारा 37 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार सुबह शहर के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। अपराहन 11.30 बजे तक आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक धूप रही, लेकिन शाम करीब छह बजते ही मौसम ने फिर से करवट ली।
दिल्ली-एनसीआर को मिलती रहेगी राहत
बादलों के आवागमन से बारिश की शुरुआत हुई। 15 से 20 मिनट तक बारिश होती रही। नमी का स्तर 54 से 64 फीसद के बीच रहा। उधर स्काइमेट वेदर के प्रमुख मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत (Skymet Weather Chief Meteorologist Mahesh Palawat) ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में अगले चार-पांच दिनों तक हवाओं का रुख पूरब से रहेगा। अरब सागर से भी हवाएं आएंगी। इस कारण यहां पर वातावरण में नमी रहेगी। बादल आते-जाते रहेंगे और बारिश का मौसम बना रहेगा।
बारिश के साथ होगी जून महीने की शुरुआत
एक जून तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बौछारें गिर सकती हैं। तेज हवाएं चलने और बादलों की गर्जना की संभावना है। दो जून तक गर्मी का प्रकोप नहीं दिखेगा।
पश्चिमी विक्षोभ ने बदला मौसम का मिजाज
मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के चलते है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर के पास पहुंचा है। इसके प्रभाव से राजस्थान एवं आसपास के भागों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
जून में पहले सप्ताह में शुरू हो सकती है तेज गर्मी
मौसम विभाग की मानें तो आगामी तीन जून से फिर से शुष्क और साफ मौसम की संभावना है। गर्मी भी एक बार बढ़नी शुरू हो जाएगी। इस दौरान लू साथ फिर भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।