ग्रेटर नोएडा में अगवा करने के बाद नाबालिग की हत्या, मौके पर तनाव; पुलिस बल तैनात
ग्रेटर नोएडा में एक नाबालिग को अगवा करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्रेटर नोएडा, जागरण संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के जेवर में मेडिकल संचालक के नाबालिग बेटे को अगवा कर बदमाशों ने हत्या कर दी। पहचान छुपाने के लिए हत्यारों ने शव को ईंट से कुचल दिया। जानकारी के अनुसार, नाबालिग 18 मार्च से लापता था। पुलिस ने शिकायत के बाद कस्बे के दो युवकों को हिरासत में लेकर की पूछताछ कर रही है।
पूछताछ में हत्यारोपितो की निशानदेही पर अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र के जंगल से बृहस्पतिवार रात को शव बरामद किया। कस्बे में तनाव का माहौल है। कस्बे में एहतियात के तौर पर पुलिस व पीएसी बल तैनात किया गया है।
नाली के विवाद में महिला समेत दो की हत्या
उधर, दादरी कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती बैरंगपुर गांव में नाली के विवाद में महिला समेत दो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए। एक घायल के हाथ पर गोली लगी है। उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है। मरने वाली महिला किसी पक्ष की नहीं है। वह पड़ोस में रहती है और विवाद सुलझाने का प्रयास कर रही थी। मारपीट में आरोपित पक्ष के भी दो लोग घायल हुए। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
नई बस्ती बैरंगपुर गांव में नाली के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे के करीब दो महिलाओं मीनू व अंजलि में झगड़ा शुरू हुआ। झगड़े के दौरान दोनों पक्ष के स्वजन भी शामिल हो गए। मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों की तरफ से गोलाबारी शुरू कर दी गई। गोली लगने से वीरेंद्र पक्ष के रविंद्र व पड़ोस में रहने वाली महिला प्रेमवती जो कि झगड़ा सुलझाने का प्रयास कर रही थीं उनकी मौत हो गई। वहीं गोली लगने से ब्रहम सिंह भी घायल हो गए। एक अन्य व्यक्ति भी वीरेंद्र पक्ष के घायल हुए। वहीं गोलीबारी के दौरान गोली चलाने वाले आरोपित पक्ष के विनीत व सुंदर भी मारपीट में घायल हुए।