Good News: जिला अस्पताल में जल्द शुरू होंगे सभी ऑपरेशन, मरीजों को मिलेगी राहत
सीएमएस डॉ. वीबी ढाका का कहना है कि जल्द ही सभी ऑपरेशन अस्पताल में शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए ऑपरेशन थियेटर में सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है।
नोएडा, जागरण संवाददाता। जिला अस्पताल में आंख और हड्डी के ऑपरेशन के बाद 30 जुलाई तक सभी ऑपरेशन शुरू हो जाएंगे। लॉकडाउन के बाद से अस्पताल में जनरल सर्जरी, ईएनटी संबंधी ऑपरेशन नहीं हो रहे हैं। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ती जा रही है। महामारी की रोकथाम के लिए जिला अस्पताल के डॉक्टरों की ड्यूटी कोविड अस्पताल में लगी हुई है।
इससे सामान्य मरीजों को चिकित्सीय सेवा मिलने में परेशानी हो रही है। सर्जन व ईएनटी को कोविड के बाद जांच नेगेटिव आने पर जिला अस्पताल में भी मरीजों का उपचार करते हैं।
जिला अस्पताल में वर्तमान समय में त्वचा, ईएनटी, हड्डी सहित कई सामान्य ओपीडी शुरू नहीं हो पर रही है। आपातकालीन विभाग में आने वाले मरीजों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों को बुलाकर इलाज करा दिया जाता है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीबी ढाका का कहना है कि जल्द ही सभी ऑपरेशन अस्पताल में शुरू कर दिए जाएंगे। इसके लिए ऑपरेशन थियेटर में सैनिटाइजेशन का काम चल रहा है। वहीं सभी चिकित्सकीय विभागों की ओपीडी भी धीरे-धीरे शुरू की जाएगी।
प्रवासी कामगारों को भी मिलेगा योजनाओं का लाभ
उधर, लॉकडाउन के दौरान जहां हजारों श्रमिकों का पलायन हुआ, वहीं अन्य जिलों में रह रहे नोएडा के कामगारों की वापसी भी हुई। इन्हें शासन के निर्देशानुसार 14 दिन क्वारंटाइन रखने के बाद घर भेजा गया था। श्रम विभाग के अनुसार, हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों से लॉकडाउन में 27 श्रमिक लौटे थे। फिलहाल ये सभी जीवनयापन के लिए जिले में काम कर रहे हैं।
काम के 90 दिन पूरे होने के बाद इनका विभाग में पंजीयन किया जाएगा, इसके बाद उक्त प्रवासी कामगार भी जिले में ही श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। प्रवासियों के भरण-पोषण को लेकर प्रदेश सरकार गंभीर है। जिले में श्रमिकों के लिए श्रम विभाग की ओर से 15 योजनाएं संचालित की जा रही है। प्रवासियों को मनरेगा से लेकर तमाम योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए श्रम विभाग को उनके पंजीयन के निर्देश दिए गए हैं। जिले में काम के 90 दिन पूरे करने के बाद प्रवासी श्रमिकों का श्रम विभाग पंजीयन करेगा। इस समय जिले में करीब 12 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं।