यमुना एक्सप्रेस वे से कार गिरने पर घायल हुए पांचवें कर्मचारी की भी मौत Noida News
यमुना एक्सप्रेस वे पर बीते 18 अगस्त को तेज रफ्तार में 30 फिट की ऊंचाई से गिरी एंडेवर कार में सवार पांचवें व्यक्ति ने भी उपचार के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया।
ग्रेटर नोएडा, जेएनएन। यमुना एक्सप्रेस वे पर बीते 18 अगस्त को तेज रफ्तार में 30 फिट की ऊंचाई से गिरी एंडेवर कार में सवार पांचवें व्यक्ति ने भी उपचार के दौरान मंगलवार को दम तोड़ दिया। घटना के दौरान चार आइटी कंपनी के कर्मचारियों की मौत हो गई थी। अब उनके पांचवें साथी टीम लीडर अभिषेक त्यागी ने भी जान गंवा दी है। मामले में कार चला रहे टीम लीड अभिषेक के खिलाफ एक युवती के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस मामले में फाइनल रिपोर्ट कोर्ट में दाखिल करेगी। उल्लेखनीय है कि बीते 18 अगस्त को यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार में एंडेवर कार 30 फीट की ऊंचाई से गिर गई थी। हादसे में आइटी कंपनी कर्मचारी दिल्ली के उत्तम नगर महारानी एंक्लेव निवासी शीला, अजंता कालोनी गढ़ रोड मेरठ निवासी नवीन (32), दिल्ली के शकरपुर लक्ष्मीनगर निवासी शिव विजय सिंह (33), दिल्ली के मयूर विहार फेज तीन निवासी चंद्रमोहन (26) की मौत हो गई थी। वहीं टीम लीडर अभिषेक त्यागी समेत पांच लोग घायल हो गए थे। कार में कुल नौ लोग सवार थे।
शीला के पिता राम सिंह ने गत दिनों आरोप लगाया था कि अभिषेक तेज गति में कार चला रहा था। इस वजह से उनके बेटी की मौत हुई है। हादसे में घायल हुए अभिषेक त्यागी ने भी अब उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। उसके मौत के बाद से हादसे में मरने वालों की कुल संख्या पांच हो गई है। घटना से एक दिन पहले शिमला के रहने वाले प्रबंधक आशीष सूद ने नई एंडेवर कार खरीदी थी।
16 अगस्त को आशीष का जन्मदिन था। जन्मदिन पार्टी मनाने के लिए कंपनी के नौ कर्मचारी 18 अगस्त को यमुना एक्सप्रेस वे पर लांग ड्राइव पर निकले थे। इसी दौरान हादसा हो गया था। टीम लीडर के खिलाफ युवती कर्मचारी के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया था। टीम लीडर की भी उपचार के दौरान मौत हो गई है।