Sudeeksha Bhati Death Case: सुदीक्षा भाटी के परिवार से मिलने गए 2 लोग कोरोना पॉजिटिव
Sudeeksha Bhati Death Case दोनों बृहस्पतिवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए सुदीक्षा भाटी के घर पहुंचे थे।
ग्रेटर नोएडा [प्रवीण विक्रम सिंह]। Sudeeksha Bhati Death Case: दादरी के गांव स्कनर में सुदीक्षा भाटी के घर शोक संवेदना प्रकट करने पहुंचे 2 लोग कोरोना वायरस संक्रमित मिले हैं। लक्षण मिलने पर जांच कराई गई तो दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दोनों में एक व्यक्ति डेरी स्कनर गांव का ही रहने वाला है तो दूसरा गाजियाबाद का रहने वाला है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों बृहस्पतिवार को शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए सुदीक्षा भाटी के घर पहुंचे थे। ऐसे में हो सकता है स्वास्थ्य विभाग बृहस्पतिवार को सुदीक्षा भाटी के घर जुटे सभी लोगों को क्वारंटाइन करने के साथ कोरोना की जांच भी कराए। 2 लोगों के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने के बाद परिवार के साथ उनके घर गए लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। बता दें कि मंगलवार सुबह से ही लोग सुदीक्षा भाटी के घर मिलने के लिए आ रहे हैं।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को गौतमबुद्धनगर में 55 नए कोरोना वायरस संक्रमित मिले हैं, जबकि 86 लोग ठीक होकर लौट चुके हैं। जिले में अब तक 5363 संक्रमितों का सफल इलाज हो चुका है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कुशवाह ने बताया कि बृहस्पतिवार को संक्रमितों से अधिक स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या रही। वहीं नए सभी सामान्य मरीज हैं। ऐसे छिपे मरीजों को खोज निकालने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। प्रतिदिन 1500 से 2000 मरीजों की जांच हो रही है।
विभाग का मकसद समय पर संक्रमण की चेन तोड़ना और वायरस का खात्मा करना है। राहतभरी खबर यह है कि रिकवरी रेट में हर दिन बढ़ावा हो रहा है। 85 फीसद मरीज अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 6238 है, इनमें 5363 स्वस्थ और 43 की मौत हो चुकी है। जबकि 832 का कोविड अस्पतालों व घरों में उपचार जारी है।