44 डिग्री पारे के साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने किया परेशान
जागरण संवाददाता नोएडा गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भी 44 डिग्री
जागरण संवाददाता, नोएडा : गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को भी 44 डिग्री पारे साथ गर्म हवाओं के थपेड़ों ने घर के बाहर निकले लोगों को खूब परेशान किया। गर्मी से लोग बेहाल दिखे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आएमडी) के मुताबिक आज हल्की बारिश हो सकती है। तापमान 43 डिग्री के करीब रह सकता है।
इससे पहले आइएमडी ने शुक्रवार को हल्की बारिश की आशंका जताई थी। जिससे लोग पूरे दिन आसमान की ओर टकटकी लगाए देखते रहे। लेकिन बारिश नहीं हुई। सुबह 9 बजे से ही तेज धूप खिल गई। दोपहर 12 बजे चिलचिलाती धूप और चल रही गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में रहने को मजबूर किया। उधर स्काइमेट वेदर के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने बताया कि एंफन तूफान भले ही पश्चिम बंगाल से होते हुए असम की ओर बढ़ चुका है। लेकिन इसके प्रभाव से उत्तर भारत के राज्यों आर्द्रता का प्रतिशत बढ़ गया है। चूंकि पुरवा हवाएं निरंतर चल रही है। वातावरण में नमी है। नमी का साथ पाकर धूप ने दिल्ली-एनसीआर और उसके आसपास का हीट इंडेक्स बढ़ा दिया है। इस वजह से गर्मी बढ़ रही है। हालांकि जम्मू-कश्मीर के ऊपर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। यह हिमाचल और पंजाब की ओर बढ़ रहा है। जिससे नमी में बढ़ोतरी होगी। 25 से 26 मई को आंधी के साथ गरज चमक के बीच बारिश की वजह बनेगी।
---
पानी की न हो पाए कमी:
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संतराम वर्मा ने बताया कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी कई बीमारियों को दावत दे सकती है। डिहाड्रेशन होने से शरीर बीमार पड़ सकता है। इसलिए चाहिए कि पूरे दिन बीच-बीच में खूब पानी पिएं। घरों से बाहर निकलते वक्त अपने साथ ओआरएस का घोल साथ रखें। खाली पानी की बजाये नींबू पानी पिए। बच्चों व बुजुर्गों की सेहत बिगड़ने पर जरा भी लापरवाही नहीं बरते। उन्हें तुरंत चिकित्सक के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे।