जिले में आठ बीडीसी व एक प्रधान चुने गए निर्विरोध
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा जिले में आठ बीडीसी समेत एक ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गए हैं। ऐसे में अब प्रधान पद के 87 व बीडीसी पद के मात्र 111 पदों पर ही मतदान होगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : जिले में आठ बीडीसी समेत एक ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गए हैं। ऐसे में अब प्रधान पद के 87 व बीडीसी पद के मात्र 111 पदों पर ही मतदान होगा। पहली बार ग्राम पंचायत बने दलेलपुर गांव में कैलाश चपराना को निर्विरोध प्रधानी का पद मिल गया गया है। वहीं विकास खंड बिसरख में तीन, दादरी में दो व जेवर में तीन बीडीसी पद के दावेदार निर्विरोध चुने गए हैं। बता दें कि जिले की 88 ग्राम पंचायतों में 19 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा। प्रधान पद के 88, बीडीसी पद के 119 व जिला पंचायत सदस्य पद की पांच सीट निर्धारित है। प्रधान पद के एक व बीडीसी पद की आठ सीटों पर निर्विरोध चुनाव हो जाने के बाद प्रधान की 87 व बीडीसी पद के 111 पदों पर मतदान होगा।
सूबे की सबसे छोटी ग्राम पंचायत बना दलेलपुर
दिल्ली, हरियाणा सीमा पर बसे दलेलपुर गांव उत्तर प्रदेश में सबसे छोटी ग्राम पंचायत बन गया है। गांव में मतदाताओं की संख्या मात्र 201 है। भौगोलिक स्थिति को देखते हुए इसे अलग ग्राम पंचायत बनाने का फैसला शासन ने लिया था। ग्रामीणों के मुताबिक गांव 1840 में आकर बसा था। उस वक्त यह क्षेत्र पंजाब प्रांत का हिस्सा था। नए राज्य के गठन के बाद यह गांव हरियाणा का हिस्सा बना। 1982 में गांव उत्तर प्रदेश में आ गया। 2014 तक दलेलपुर, गुलावली ग्राम पंचायत में था। चुनाव में मतदान के लिए नाव के सहारे ग्रामीण गुलावली आते-जाते रहे, लेकिन 2015 में प्राधिकरण में शामिल होने के बाद गुलावली की ग्राम पंचायत समाप्त हो गई। दलेलपुर को जगनपुर अफजलपुर ग्राम पंचायत में शामिल कर दिया गया। इससे गांव हमेशा विकास से अछूता रहा।
वर्जन..
आठ बीडीसी व एक ग्राम प्रधान निर्विरोध चुने गए हैं। मतगणना के बाद आरओ द्वारा संबंधित प्रत्याशियों को निर्विरोध जीत का प्रमाणपत्र दिया जाएगा।
-कुंवर सिंह यादव, जिला पंचायत राज अधिकारी