सेक्टर-71 अंडरपास में दिसंबर से भरिए फर्राटा
जागरण संवाददातानोएडा शहर के सबसे बड़े ट्रैफिक जंक्शन सेक्टर-71 पर नए साल से वाहन चाल
जागरण संवाददाता,नोएडा : शहर के सबसे बड़े ट्रैफिक जंक्शन सेक्टर-71 पर नए साल से वाहन चालकों को जाम से निजात मिल जाएगी। यहां बनने वाला अंडरपास जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। 70 फीसद काम पूरा भी हो गया है। डीप सीवर और गंगाजल की लाइन को भी शिफ्ट कर दिया गया है। सेक्टर-72-79 से सेक्टर-61-63 का यातयात प्रारंभ किया जा चुका है। प्राधिकरण का दावा है कि शेष 30 फीसद कार्य दिसंबर तक पूरा कर लिया जाएगा।
कोरोना काल में लगे लॉकडाउन के दौरान सभी तरह के निर्माण कार्य बंद कर दिए गए थे। करीब 75 दिनों तक परियोजना पर कार्य नहीं किया जा सका। अनलॉक वन में नोएडा प्राधिकरण की यह पहली परियोजना थी, जिस पर कोविड-19 के नियमों का पालन करते काम शुरू किया गया।
प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी के निर्देश पर निर्माण कार्य में तेजी लाने का प्रयास जारी है। अंडरपास के ऊपर के रास्ते को खोला गया। नीचे पुशबैक तकनीक से निर्माण किया जा रहा है।
प्राधिकरण महाप्रबंधक राजीव त्यागी ने बताया कि अंडरपास करीब 780 मीटर लंबा बनाया जा रहा है। इसका निर्माण आइटीडी सीमेंटेशन इंडिया लिमिटेड 14 जून 2019 से कर रही है। 12 दिसंबर 2020 तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके निर्माण में करीब 52.58 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे ट्रैफिक जंक्शन पर गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, ग्रेनो वेस्ट व दोनों ही रास्तों से नोएडा आने वाले वाहन चालकों को जाम से मुक्ति मिलेगी।