लिंक रोड पर लगा तीन किमी लंबा जाम
कृषि बिल के विरोध में आंदोलनरत पंजाब हरियाणा के किसानों का साथ देने के लिए नोएडा किसान संगठन के सदस्य भी शनिवार को सेक्टर-14ए स्थित चिल्ला रेगुलेटर बार्डर के रास्ते दिल्ली पहुंचे।
जागरण संवाददाता, नोएडा :
कृषि बिल के विरोध में आंदोलनरत पंजाब, हरियाणा के किसानों का साथ देने के लिए नोएडा किसान संगठन के सदस्य भी शनिवार को सेक्टर-14ए स्थित चिल्ला रेगुलेटर बार्डर के रास्ते दिल्ली पहुंचे। दिल्ली जा रहे किसानों के चलते आमजन को परेशानी न हो, इसलिए बार्डर पर पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। इसके बावजूद दर्जनों चारपहिया वाहनों के साथ दिल्ली जाने के लिए निकले किसानों के बार्डर पर पहुंचने के बाद जाम की स्थिति बनती गई। इससे लिक रोड पर सुबह के समय करीब तीन किलोमीटर तक लंबा जाम रहा। हालांकि किसानों के बार्डर से गुजरने के बाद स्थिति दोबारा सामान्य हो गई।
शनिवार की सुबह 8 बजे से किसान संगठनों के सदस्य नोएडा के रास्ते दिल्ली जाने की सूचना के बाद बार्डर पर नोएडा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। दिल्ली स्थित बुराड़ी के निरंकारी मैदान में ठहरे पंजाब व हरियाणा से आए किसानों का साथ देने के लिए सुबह करीब साढ़े 11 बजे ग्रेटर नोएडा से किसान संगठन के सदस्य लंबे-चौड़े वाहनों के काफिले के साथ चिल्ला रेगुलेटर बार्डर पर पहुंचे। दिल्ली पुलिस ने किसानों के काफिले को रोककर पहले उनसे वापस लौटने की अपील की, लेकिन जब वे नहीं माने तो उन्हें शांतिपूर्वक दिल्ली जाने को कहा गया। इस पर किसान पुलिस की बात मानकर शांतिपूर्वक दिल्ली पहुंचे।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नोएडा में लिक रोड पर लंबा जाम रहा। सेक्टर-95 स्थित दलित प्रेरणा स्थल से सेक्टर-14ए स्थित यातायात कार्यालय तक जाम रहा। करीब दो घंटे तक बार्डर पर जाम की समस्या रही। किसानों के जाने के बाद कहीं जाकर स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि इस दौरान वाहन चालकों की सांस फूल गई। दो मिनट की दूरी तय करने में घंटों का समय लग गया। उधर, पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर कालिदी कुंज बार्डर, डीएनडी फ्लाई-वे पर सुरक्षा के मद्देनजर चेकिग की। इस दौरान व्यस्त समय में सुबह के समय वाहनों की कतार लग गई। इन मार्गों पर वाहन रेंगते रहे। लिक रोड पर तैनात यातायात पुलिस जाम की समस्या खत्म कराने के लिए जूझती दिखी। वर्जन..
किसान संगठन के सदस्य शांतिपूर्वक तरीके से नोएडा के रास्ते दिल्ली पहुंचे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली-नोएडा बार्डर पर चेकिग की गई थी। जाम की समस्या नहीं हुई है।
- राजेश एस, डीसीपी, नोएडा