तय रूट पर ट्रैक्टर परेड नहीं निकालने पर किसानों की पुलिस से नोकझोंक
जागरण संवाददाता नोएडा सेक्टर-14ए चिल्ला बार्डर पर पिछले 57 दिन से धरना दे रहे भारतीय ि
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सेक्टर-14ए चिल्ला बार्डर पर पिछले 57 दिन से धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन (भानु) गुट के किसानों ने बुधवार को गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड निकाली। तय रूट पर परेड नहीं निकालने पर किसानों की दिल्ली में मयूर विहार के पास पुलिस के साथ नोकझोंक भी हुई। कुछ उपद्रवी किसान पुलिस बैरिकेड को तोड़ ट्रैक्टर से आगे निकल गए। पुलिस ने किसानों नेताओं से वार्ता कर उन्हें वापस नोएडा भेजा। वापस आने के बाद किसान बार्डर पर दिल्ली से नोएडा आने वाली सड़क को बंद कर धरने पर बैठ गए। इससे करीब तीन घंटे मार्ग बंद रहा। पुलिस के आश्वासन के बाद सड़क से उठे।
सुबह 11 बजे धरना स्थल पर ध्वजोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान हुआ। दोपहर 12:05 बजे राष्ट्रीय महासचिव बेगराज गुर्जर व प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में ट्रैक्टर परेड का आगाज हुआ। परेड में करीब दो दर्जन ट्रैक्टर व इतने ही चार पहिया वाहनों के साथ 300 से अधिक किसान परेड के लिए निकले। नोएडा पुलिस कंट्रोल रूम के पास बने कट से बाएं लेकर चिल्ला बार्डर से दिल्ली की ओर बढ़े। किसानों को मयूर विहार फेस-1 लाल बत्ती से लेफ्ट टर्न लेते हुए डीएनडी फ्लाई-वे की ओर जाना था। यहां से फिल्म सिटी फ्लाईओवर होते हुए अमिताभ पार्क होते हुए धरनास्थल आना था, लेकिन किसानों ने ऐसा नहीं किया। दोपहर 12:30 बजे मयूर विहार फेस-1 लाल बत्ती के पास पहुंचने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया और अक्षरधाम तक जाने पर अड़े रहे। पुलिस ने आगे जाने से रोका लेकिन वह नहीं माने। कुछ उपद्रवी किसान पुलिस के बैरिकेड तोड़ते हुए लालबत्ती से आगे निकल गए। नोएडा व दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने किसान नेताओं से वार्ता कर उनपर ट्रैक्टर परेड की शर्तों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। वार्ता के बाद किसानों को वापस नोएडा भेजा।
---
पुलिस पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास:
दिल्ली कूच कर रहे किसानों ने फेस-1 मेट्रो स्टेशन के पास पुलिस अधिकारियों व सुरक्षाबलों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। इससे पुलिस के कई सिपाही चोटिल हुए हैं। उपद्रवियों को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
-------
मुकदमे वापस लेने के आश्वासन पर सड़क से उठे
किसान दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक चिल्ला बार्डर पर दिल्ली से आने वाली सड़क पर धरने पर बैठ रहे। पुलिस से कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने व व उन्हें धरने में शामिल होने देने के लिए कहा। एडीसीपी नोएडा रणविजय सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद किसान की उपरोक्त मांग पर गौर करने की बात कही। इसके बाद ही किसान धरने से हटे।
----
पुलिस व किसानों ने साथ बैठ खाया खाना : धरने से उठने के बाद किसानों ने पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठकर खाना भी खाया। जहां किसानों ने पुलिस को धरना स्थल पर लंगर का खाना खिलाया, तो वहीं पुलिस ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसानों को मिठाई खिलाई।
----
ट्रैक्टर से स्टंट के दौरान हादसा :
ट्रैक्टर परेड से पहले चिल्ला बार्डर पर ट्रैक्टर से स्टंट के दौरान हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटने से जिला अध्यक्ष राजीव नागर घायल हो गए। मौके पर मौजूद किसानों ने ट्रैक्टर को सीधा किया, उन्हें बाहर निकाला। हादसे में उन्हें पीठ व पैर में गंभीर चोट आई है। इस दौरान ट्रैक्टर चालक को भी मामूली खरोंच आई है।
----
भारी सुरक्षा बल रहा तैनात
किसानों की ट्रैक्टर परेड को देखते हुए धरना स्थल पर सुबह से भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एडीसीपी नोएडा को दी गई थी। वह पैदल ही पुलिस बल के साथ पूरे परेड मार्च तक दौड़ लगाते रहे।
----
प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर कार्यकर्ताओं को धरना स्थल पर आने से रोका जा रहा है। उन पर मुकदमे किए जा रहे हैं। इस कारण चिल्ला बार्डर पर दूसरी ओर सड़क पर धरने पर बैठना पड़ा। पुलिस से मिले आश्वासन के बाद सड़क से हटे हैं।
- योगेश प्रताप सिंह, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, भाकियू (भानु)
----
ट्रैक्टर परेड के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना का संपूर्ण प्रयास किया गया। किसानों ने कुछ मांग रखी है। इस पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया है।
- रणविजय सिंह, एडीसीपी नोएडा