भक्ति भाव में डूबे नजर आए श्रद्धालु
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा अपार श्रद्धा और आस्था का महापर्व सूर्य षष्ठी (छठ) व्रत का शनिवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : अपार श्रद्धा और आस्था का महापर्व सूर्य षष्ठी (छठ) व्रत का शनिवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हुआ। छठ पूजा के लिए शहर में नवादा गांव स्थित शनि मंदिर परिसर, नालेज पार्क स्थित आईसी कालेज ग्राउंड के अलावा कई अन्य जगहों पर घाट बनाए गए थे। यहां सुबह पानी में उतरकर महिलाओं ने सूर्य नारायण को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न किया और संतान के कल्याण के लिए मुरादें मांगी। अर्घ्य देने के बाद छठी मइया के लिए बनाए गए खास ठेकुआ और प्रसाद लोगों में बांटा गया। चार दिनों तक चलने वाला यह व्रत 18 नवंबर को नहाय खाय के साथ शुरू हुआ था। इस दौरान लोग भक्ति भाव में डूबे दिखे। कोरोना महामारी के बावजूद शहर में जगह-जगह आस्था व संस्कार का सैलाब देखने को मिला। समर्पण भाव के साथ मनाया पर्व:
छठ पूजा को लेकर पिछले चार दिनों से बाजारों में खूब चहल-पहल रही। लोगों में छठ पूजा को लेकर अद्भुत उत्साह दिखा। नवादा गांव स्थित शनि मंदिर परिसर में पूर्वांचल-मिथिलांचल पूजा समिति की तरफ से भव्य तैयारियां की गई थी। यहां शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पर्व की रस्म अदायगी की गई। व्रतियों ने शनिवार को उगते सूर्य को नदियों और तालाबों के जल में खड़े होकर अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर बच्चों से लेकर वयस्क तक सभी ने पूरे समर्पण भाव से व्रतियों की सेवा की। सुबह भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के बाद प्रसाद खाकर व्रत का पारण किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण का सिलसिला शुरू हुआ। नहाय खाय के साथ शुरू हुआ था पर्व :
छठ पूजा का पर्व नहाय खाय के साथ शुरू हुआ था। खरना के बाद छठ व्रतियों ने पूरा दिन अखंड उपवास किया। व्रतियों ने शुक्रवार को विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया था। वहीं शनिवार को उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन हुआ।