गोवंश की पूजा कर श्रद्धालुओं ने लिया गो सेवा का संकल्प
जागरण संवाददाता नोएडा गोपाष्टमी पर रविवार को श्रद्धालुओं ने गोवंश की पूजा कर उनकी रक्ष
जागरण संवाददाता, नोएडा : गोपाष्टमी पर रविवार को श्रद्धालुओं ने गोवंश की पूजा कर उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अक्षत, रोली, धूप, दीप, पुष्प आदि से गोवंश की पूजा कर उनकी परिक्रमा की। साथ ही मिष्ठान का भोग लगाया। जिले में सभी गौ आश्रय स्थलों पर पशु पालन विभाग द्वारा पशु चिकित्सा शिविरों का भी आयोजन किया गया।
---
गो पूजन के साथ मनाई गई गोपाष्टमी
सेक्टर-135 स्थित गोशाला में गोपाष्टमी का उत्सव गो पूजा के साथ मनाया गया। इस मौके पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, नोएडा विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी, मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीके श्रीवास्तव ने मंत्रोच्चारण के साथ गाय का पूजन किया। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि जो हमारी सबसे प्रिय होती है उसको मां का दर्जा दिया जाता है। जैसे गौमाता, गंगामाता, तुलसीमाता, धरतीमाता उसी तरह गौमाता का एक बहुत बड़ा स्थान हम सभी के जीवन में है। गोपाष्टमी के इस पावन पर्व पर हम सब को संकल्प लेना चाहिए कि हम गोवंश की सेवा में अपना पूर्ण योगदान देंगे। दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि गौ सेवा सर्वोत्तम सेवा है, जिस तरह मां अपने बच्चों का पूरा ख्याल रखती है उसी प्रकार गोवंश हम सबका पालन पोषण करते हैं। गाय का पंचगव्य का उपयोग हम अपने दैनिक जीवन में करते है। इस मौके पर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अविनाश त्रिपाठी, वरिष्ठ परियोजना अभियंता एससी मिश्रा, परियोजना अभियंता विजय रावल, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा, संजय बाली सांसद प्रतिनिधि, रोहित कुमार , केके जैन, चंद्रीराम यादव, विनोद शर्मा पूनम सिंह, डिम्पल आन्नद, गिरिजा सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
---
युवाओं ने गो माता की रक्षा का लिया संकल्प
सेक्टर-107 स्थित ग्राम सलारपुर में जीवन अर्पण सामाजिक सेवा संस्था द्वारा गोपाष्टमी के अवसर पर गौ पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था के सभी सदस्यों ने श्रद्धा के साथ गोमाता की पूजा अर्चना की। साथ ही सदैव गो माता की रक्षा करने का संकल्प लिया। गाय से दैनिक जीवन में प्राप्त किए जाने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी। संस्था के सदस्यों ने गो संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए गाय से जैविक उत्पाद जैसे गो धूपबत्ती, फिनायल और जैविक उर्वरक के उत्पादकों को बढ़ाने को प्रेरित किया। इस मौके पर दीपांशु शर्मा, लोकेश सिंह, अनमोल सहगल, मोहित, जैद नवाब, विकास ठाकुर, तुषार गुप्ता आदि सदस्य मौजूद रहे।