दिन का पारा सात डिग्री लुढ़का, शीतलहर से कांपी औद्योगिक नगरी
जागरण संवाददाता नोएडा औद्योगिक नगरी में गलन भरी सर्दी और ठिठुरन ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर
जागरण संवाददाता, नोएडा :
औद्योगिक नगरी में गलन भरी सर्दी और ठिठुरन ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। सोमवार को सुबह कोहरा छाया रहा तो उसके बाद धूप खिल उठी, लेकिन सर्द हवा के कारण धूप गुनगुनी महसूस नहीं हुई। दोपहर में धूप में भी सर्दी का एहसास बना रहा। गलन भरी सर्दी के कारण शाम को लोग जगह-जगह अलाव सेंकते नजर आए तो घरों में भी हीटर और अलाव शुरू कर दिए गए। जो लोग घरों से बाहर निकले वह गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना व्यक्त की है। सोमवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से सात डिग्री नीचे है। दिन का पारा गिरने से दिन में सर्दी बनी रही। दोपहर दो बजे के बाद बादलों की लुकाछिपी शुरू हो गई। सर्द हवा के बीच लोग परेशान रहे, वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। सुबह से ही शीतलहर कंपकंपी छुड़ा रही थी। सुबह नौ बजे तक कोहरे और गलन से लोग परेशान दिखे। सुबह लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकल रहे थे। ठंड से लोगों का बुरा हाल था। कोहरा रहने से वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शीतलहर और गलन से हाथ-पैर सुन्न हो रहे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले 48 घंटे तक दिन में सुबह कोहरा छाया रह सकता है। दोपहर में बादलों की लुकाछिपी से तापमान में कमी आने के आसार हैं, वहीं शीतलहर के अगले दो दिन और बरकरार रहने के आसार हैं। अगले दो दिन सर्द दिन (कोल्ड डे) की स्थिति बनी रहेगी। जबकि स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी के मुताबिक पंजाब और आस-पास के इलाकों में एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से आगामी दो दिन कोल्ड डे रहने की संभावना है। वहीं नोएडा शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स एक बार फिर से खराब श्रेणी में पहुंच गया है। सोमवार को एक्यूआइ-243 के साथ खराब श्रेणी में रहा।