बारिश संग चली सर्द हवाओं ने बढ़ाई गलन
बारिश के साथ तेज हवा चलने से मौसम में आए परिवर्तन से गलन बढ़ गई ह
जागरण संवाददाता, नोएडा :
बारिश के साथ तेज हवा चलने से मौसम में आए परिवर्तन से गलन बढ़ गई है। शनिवार तड़के सुबह और रात में रुक रुककर बारिश होती रही। इसका असर जनजीवन पर पड़ा। गर्म कपड़े पहनने के साथ ही सुबह से लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। आइएमडी के मुताबिक आगामी 24 घंटे में बारिश की संभावना है।
इससे पहले शनिवार तड़के हल्की बारिश हुई। शाम पांच बजे तक रुक रुक कर बारिश होती रही। रात नौ बजे की भी बारिश हुई। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से मौसम अधिक सर्द हो गया। शीतलहर से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े पहनने के साथ सिर व मुंह ढके रहे। गलन से बचने को बुजुर्ग सुबह से अलाव जलाकर तापते नजर आए। आसमान में बादल छाए रहने से पूरे दिन धूप के दर्शन नहीं हुए। शाम होते ही गलन बढ़ गई तो लोग घरों की ओर निकल गए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर और आसपास के इलाकों पर बना हुआ है और प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान के हिस्सों पर बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा पश्चिमी राजस्थान से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इसके प्रभाव के कारण आगामी 24 घंटे में बारिश की संभावना है। गलन भरी सर्दी से राहत के आसार नहीं :
फिलहाल लोगों को सर्दी से राहत मिलने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावित होने के कारण तेज हवा संग बारिश के आसार जताए हैं। जिससे न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, ठंडी हवाएं लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। वहीं, कोहरा बढ़ने के कारण सूर्यदेव के दर्शन होना भी मुश्किल रहेगा। आगामी एक सप्ताह गलन भरी सर्दी से राहत के आसार कम है। हवा खराब श्रेणी में दर्ज :
करीब एक सप्ताह से जिले में कड़ाके की ठंड के साथ ही प्रदूषण का कहर जारी था, लेकिन शनिवार को 14 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा और हल्की बारिश के कारण वायु गुणवत्ता में खासा सुधार हुआ। शनिवार को नोएडा का एक्यूआइ 277 और ग्रेटर नोएडा का 260 रहा जो मध्यम श्रेणी में आता है।