स्वतंत्रता दिवस पर आज जश्न में डूबेगा शहर
जागरण संवाददाता ग्रेटर नोएडा स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा : स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में लगी दुकानें तिरंगे झंडे से सजी हुई नजर आईं। प्राधिकरण से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर, अन्य सरकारी महकमे, स्कूल व कॉलेज, सोसायटी में राष्ट्रीय पर्व को लेकर दिन भर तैयारियां चलती रही। घरों की छतों से लेकर सोसायटी की गेटों पर झंडे लगाए गए हैं। विभिन्न विभागों के कार्यालयों व शिक्षण संस्थानों को बिजली झालरों से सजाया गया है। हालांकि, इस बार के पर्व पर कोरोना महामारी का भी असर है। बाजार में लोग शारीरिक दूरी के साथ तिरंगा झंडा, पतंग आदि की खरीदारी करते हुए दिखे।
शहर में स्वतंत्रता दिवस पर सड़क के किनारों से लेकर विभिन्न गोल चक्कर पर तिरंगे झंडे लगाए गए हैं। विभिन्न सरकारी व निजी संस्थानों में रंग-बिरंगी रोशनी के लिए बिजली के झालर लगाए गए हैं। परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है। बाजार में शुक्रवार को भी दुकानें तिरंगे झंडे से सजी हुई दिखाई दीं। लोग तिरंगा और पतंग खरीदते नजर आए। हालांकि, इस बार स्वतंत्रता दिवस के पहले दिन बाजारों में अधिक रौनक दिखाई नहीं दी। लोग सीमित संख्या में बाजार पहुंचे। शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए सामान खरीदते नजर आए। उनका कहना है कि इस बार एकत्रित होकर स्वतंत्रता दिवस को नहीं मना पाएंगे। सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसर को बधाई देंगे। सोसायटी व आरडब्ल्यूए भी राष्ट्रीय पर्व को लेकर तैयार दिखे। परिसर में झंडा फहराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। गेट आदि पर तिरंगे लगाए गए हैं। निवासियों का कहना है कि सोसायटी में इस बार सामूहिक तौर पर एकत्रित नहीं हो पाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी नहीं रखे गए हैं। सादगी के साथ परिवार के साथ घरों में बैठकर पर्व का आनंद लेंगे।
वहीं, स्कूल व कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस को लेकर खास तैयारी की गई है। इस बार भी देशभक्ति पर कार्यक्रम तो आयोजित होंगे, लेकिन ऑनलाइन। स्कूलों में विद्यार्थियों को नहीं बुलाया गया है। सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे को बधाई दी जाएगी। कुछ शिक्षक ही ध्वजारोहण के लिए स्कूल पहुंचेंगे।
--
पुलिस ने चलाया जांच अभियान
स्वतंत्रता दिवस में सुरक्षा ²ष्टि को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। शहर में विभिन्न स्थानों के साथ बाजार व मॉल्स में जाकर जांच की गई। इस दौरान जनता से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध वस्तुओं को न छुएं। किसी भी इंसान या वस्तु पर शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
--
नौ बजे होगा ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह नौ बजे सभी सरकारी व गैर सरकारी इमारतों व परिसर में सुबह नौ बजे झंडा फहराया जाएगा। इस बाबत प्रदेश के मुख्य सचिव की तरफ से सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजकर निर्देशित किया गया है। पत्र में कहा गया है कि ध्वजारोहण के बाद झंडा अभिवादन के साथ राष्ट्रगान हो। मानव श्रृखंला न बनाया जाए। शिक्षण संस्थानों में कोविड को लेकर दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए समारोह का आयोजन किया जाए। विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से किए जाएं।