कृषि विधेयक बिल के समर्थन में 12 गांवों में हुई चौपाल
संवाद सहयोगी दादरी दादरी विधायक तेजपाल नागर ने 12 गांवों में चौपाल लगाकर संसद में पास हुए कृषि विधेयक 2020 के बारे में किसानो को विस्तार से जानकारी दी।
संवाद सहयोगी, दादरी : दादरी विधायक तेजपाल नागर ने 12 गांवों में चौपाल लगाकर संसद में पास हुए कृषि विधेयक, 2020 के बारे में किसानो को विस्तार से जानकारी दी। इस पर किसानों ने अपना संतोष जताया और चौपाल में विधायक की बातों का समर्थन किया। किसानों ने कहा कि कांग्रेस पहले तो बिल के सर्मथन में थी। अब जब बिल पास हो गया है, तो झूठ फैलाकर किसानों को भ्रमित कर रही है।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस मे बताया कि आलाकमान के आदेशानुसार उनके द्वारा कृषि विधेयक बिल 2020 को लेकर एक अक्टूबर से चार अक्टूबर तक गांव-गांव जाकर किसानों के साथ चौपाल लगाई जा रही है। इसमें किसानों को कृषि बिल के बारे में जानकारी दी गई और किसानो को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि आवश्यक वस्तु विधेयक 1955 का है। उस दौरान उपज काफी कम हुआ करती थी, जो अब बहुत बढ़ गई है। इसलिए अब इस बिल मे संशोधन करते हुए अपवाद की स्थिति को ध्यान में रखा गया है। इससे निजी क्षेत्र में भी निवेश कर पाएंगे। किसानो के व्यापार और वाणिज्य अध्यादेश के जरिए किसानों को अपने उत्पादन बेचने के लिए सुविधा दी गई है।