बरसात गांव पहुंचे प्राधिकरण अधिकारी
जासं ग्रेटर नोएडा दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना और ग्राम विकास विभाग के अधिकारी शनिवार को बरसात गांव में पहुंचे। पंप लगाकर रास्तों से पानी की निकासी कराई गई। परियोजना विभाग के सर्किल प्रभारी ने कहा कि पानी की निकासी के लिए शीघ्र ही नालियों का निर्माण कराया जाएगा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गत सप्ताह गांव की समस्याओं को दैनिक जागरण के माध्यम से उजागर कराया था। गांव के रास्ते बदहाल हैं।
जासं, ग्रेटर नोएडा : दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना और ग्राम विकास विभाग के अधिकारी शनिवार को बरसात गांव में पहुंचे। पंप लगाकर रास्तों से पानी की निकासी कराई गई। परियोजना विभाग के सर्किल प्रभारी ने कहा कि पानी की निकासी के लिए शीघ्र ही नालियों का निर्माण कराया जाएगा। करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने गत सप्ताह गांव की समस्याओं को दैनिक जागरण के माध्यम से उजागर कराया था। गांव के रास्ते बदहाल हैं। नालियां टूट जाने की वजह से पानी आगे नहीं बढ़ पा रहा है। गंदा पानी गली और रास्तों में जमा है। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गंदे पानी में मच्छर भी पैदा हो रहे हैं। ग्रामीणों की इस परेशानी को दैनिक जागरण ने तीन दिन पहले प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद प्राधिकरण के सर्किल के प्रबंधक शनिवार को गांव पहुंचे। उन्होंने गांव का सर्वे कर रिपोर्ट बनाई। करप्शन फ्री इंडिया के संयोजक प्रवीण भारतीय ने बताया कि अधिकारियों ने शीघ्र नाली के निर्माण का भरोसा दिया। पानी की निकासी की व्यवस्था की जा रही है। ब्राह्मण सभा ने उठाया फीस माफी का मुद्दा
जासं, ग्रेटर नोएडा : अखिल भारत वर्षीय ब्राह्मण सभा ने स्कूलों में फीस माफी के लिए आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित पीतांबर शर्मा ने कहा कि लॉकडाउन की वजह लोगों के कारोबार ठप हो गए हैं। कामगार व श्रमिकों को काम नहीं मिल रहा है। उद्योग-धंधे अभी पटरी पर नहीं आए हैं। किसानों ने गेहूं की निकासी कर ली है, लेकिन मंडियों में वे बेच नहीं सके। सरकारी क्रय केंद्रों पर भी सभी किसानों का गेहूं नहीं खरीदा गया। किसानों के घरों में गेहूं रखा है। सभी की आर्थिक स्थिति खराब है। जिलाधिकारी ने एक माह का किराया माफ कर दिया। ऐसे में बिजली के बिल भी माफ होने चाहिए। स्कूल संचालक ऑनलाइन कक्षाओं के बहाने फीस वसूल रहे हैं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से फीस और बिजली के बिल माफ करने का आग्रह किया। ऐसा न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है। आरडब्लूए ने फूंका चीन के राष्ट्रपति का पुतला
जासं, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 के आरडब्लूए पदाधिकारियों ने भारत-चीन सरहद पर शहीद हुए बीस जवानों को श्रद्धांजलि दी। लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान चीन के राष्ट्रपति का पुतला जलाया गया। लोगों ने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि देश के सभी नागरिकों को एक साथ मिलकर चीन के बने सामानों का बहिष्कार करना चाहिए। लोगों को स्वदेशी उत्पाद अपनाना चाहिए। इससे देश आत्मनिर्भर भी बनेगा और चीन को आर्थिक रूप से कमजोर भी किया जा सकेगा। चीन के उत्पादकों को भी जलाया गया। चीन के खिलाफ नारेबाजी की गई। सभी ने चीन निर्मित सामान का उपयोग न करने का संकल्प लिया। निर्णय लिया गया कि सेक्टरों में लोगों को स्वदेशी सामान अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। इस मौके पर आरडब्लूए के पूर्व अध्यक्ष देवराज नागर, पूर्व महासचिव भगतराम, सेवानिवृत केप्टन आरपी सिंह, वीएस अत्री, धर्मपाल चौहान, वीपी साह, इंद्रराज नागर, संजय प्रताप सिंह, मनोज अधाना, धर्म सिहं रावत, जगदीश राजौरिया, कुलदीप खारी, अवधेश यादव, उमेश विधुड़ी, घनश्याम सिंह, मीना यादव, सुशीला रावत, राखी सिंह, राजवीर भाटी, अरविद मलिक, रोहत चपराणा भी मौजूद रहे।