विवाहिता की मौत से नाराज स्वजन ने लगाया जाम
जागरण संवाददाता नोएडा सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में
जागरण संवाददाता, नोएडा :
सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से नाराज स्वजन ने शुक्रवार को ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में सड़क जाम करके प्रदर्शन किया। स्वजनों ने सेक्टर-62 मेट्रो स्टेशन के नीचे महिला का शव रख गिरफ्तारी की मांग। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दस घंटे के भीतर ससुराल पक्ष के लोगों को गिरफ्तारी का आश्वासन देकर स्वजन को दिया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सेक्टर-62 स्थित नवादा गांव में रहने वाली सरिता उर्फ निशु यादव की शादी सेक्टर-72 स्थित सर्फाबाद गांव में रहने वाले सुरेश उर्फ टीटू से साढ़े तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। बृहस्पतिवार को सरिता अपने घर पर संदिग्ध अवस्था में मृत पाई गई थी। ससुराल पक्ष का कहना था कि महिला की दो दिन से तबीयत खराब थी। बृहस्पतिवार सुबह वह सोकर नहीं उठी। जबतक उसे अस्पताल ले जाते महिला की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद से आरोपित ससुराल पक्ष के लोग फरार है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में शुक्रवार को मृतका के भाई कपिल यादव ने सेक्टर-113 कोतवाली में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि महिला के पति सुरेश, सास किरण और ननद विमला ने दहेज की मांग पूरी न होने पर निशु को जहर देकर हत्या की है। मामले में 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपित ससुराल पक्ष के लोगों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। कार्रवाई नहीं होने के कारण शुक्रवार दोपहर स्वजन ने ग्रामीणों संग करीब साढ़े तीन बजे महिला के शव को मेट्रो स्टेशन के नीच रख प्रदर्शन किया। जानकारी पर सेक्टर-58 कोतवाली पुलिस भी पहुंची और सैकड़ों की संख्या में स्टेशन के नीचे नारेबाजी कर रहे ग्रामीणों को समझाने के प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद एसीपी नोएडा रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने ने बताया कि जल्द ही आरोपित परिवार को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वाहन चालक घंटों रहे परेशान :
मेट्रो स्टेशन के नीचे शव रख प्रदर्शन के कारण करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इससे नोएडा से गाजियाबाद आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद स्वजन के वापस लौटने के बाद यातायात पुलिस को जाम खत्म कराने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।