सिलेंडर फटने से पांच लोग घायल, एक की हालत गंभीर
जागरण संवाददाता नोएडा सेक्टर-4 स्थित एक कंपनी में सिलेंडर फटने से यहां काम कर रहे पा
जागरण संवाददाता, नोएडा: सेक्टर-4 स्थित एक कंपनी में सिलेंडर फटने से यहां काम कर रहे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एबुलेंस से दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। दिल्ली के अस्पताल में सभी का उपचार चल रहा है। जहां एक व्यक्ति का आपरेशन करना पड़ा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सेक्टर-4 स्थित ए-ब्लाक इंडिया इंटरनेशनल हाउस लिमिटेड नाम से कंपनी है। जहां एल्युमिनियम के दरवाजे और हैंडल बनाने का काम होता है। मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे भूतल पर काम के दौरान अचानक सिलेंडर फटने से यहां कर रहे रवि (52), बाल किशन (52), शंभू (40), हुकुम सिंह (30), नदीम (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रवि की हालत काफी गंभीर है। आग की चपेट में आने से व्यक्ति का 80 फीसद शरीर झुलस गया है। कंपनी प्रबंधन का कहना है कि हादसे के वक्त यहां 190 लोग से अधिक लोग काम कर थे।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जांच के दौरान कंपनी की फायर एनओसी नहीं मिली है। जल्द इस संबंध में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आग बुझाने के लिए करीब एक दर्जन फायर टेंडर लगाए गए थे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करवाया गया था। जांच में सामने आया है कि भट्टी के पास रखा एलपीजी सिलेंडर गर्म होने से फटने के कारण यह हादसा हुआ है।