महिला की हत्या कर शव जंगल में फेंका
दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-5
खतौली : महिला की हत्या कर शव दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 के पास फुलत अंडरपास के नीचे खेत में फेंक दिया गया। महिला का सिर बुरी तरह से कुचला मिला है। महिला के सिर में गोली मारकर या भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई है। रतनपुरी व खतौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंचीं तथा जांच-पड़ताल की। महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
फुलत अंडरपास के नीचे सठेड़ी निवासी प्रवीण पुत्र पदम सिंह के खेत हैं। सुबह छह बजे खेत में काम करने पहुंचे किसानों ने शव पड़ा देखकर पुलिस को जानकारी दी। रतनपुरी व खतौली पुलिस घटनास्थल पर पहुंचीं। सीओ बुढ़ाना विजय प्रकाश सिंह, सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह, रतनपुरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान व खतौली इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने घटनास्थल का मुआयना किया। महिला के सिर में चोट के निशान मिले हैं। उसकी हत्या कर शव यहां फेंका गया है। महिला फिरोजी रंग का सूट और सलेक्स पहने हुए है। छानबीन में शव के बाएं हाथ में टैटू गुदा मिला है, जिस पर बिजेंद्र लिखा है। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस के डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक टीम ने जांच की है। डॉग स्क्वाड शव और सड़क के पास मिली बोतल सूंघकर कुछ दूर चलकर रुक गया। आशंका है कि शव किसी वाहन से यहां फेंका गया है। फोरेंसिक टीम ने शव के पास से खून से सनी मिट्टी व बोतल से नमूने लिए। आशंका है कि महिला के माथे पर गोली मारकर या भारी वस्तु से हमला कर हत्या की गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप