कोविड अस्पताल में लेट नाइट ड्यूटी पर हंगामा
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में स्थित कोविड अस्पताल में महिला स्टाफ को लेट नाइट ड्यूटी पर बुलाने को लेकर हंगामा हो गया। महिला फार्मासिस्ट व अन्य महिला स्टाफ ने वहां तैनात पुरूष स्टाफ पर मनमानी करते हुए लेट नाइट कुछ महिला कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी कर दिया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में स्थित कोविड अस्पताल में महिला स्टाफ को लेट नाइट ड्यूटी पर बुलाने को लेकर हंगामा हो गया। महिला फार्मासिस्ट व अन्य महिला स्टाफ ने वहां तैनात पुरूष स्टाफ पर मनमानी करते हुए लेट नाइट कुछ महिला कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाने का आरोप लगाते हुए हंगामा भी कर दिया। स्टाफ में नोकझोंक के बाद हंगामे की सूचना सीएमओ के पास पहुंचने पर कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी में बदलाव किया गया।
शहर के जानसठ रोड स्थित द्वारिका सिटी के पीछे बने फ्लैट में कोविड अस्पताल चल रहा है। इसमें महिला और पुरूष कोरोना पाजिटिव मरीजों को आइसोलेट किया गया है, जिनकी देखभाल के लिए महिला और पुरूष स्टाफ भी तैनात है। फार्मासिस्ट और वार्ड ब्याय और वार्ड आया मरीजों की देखभाल के साथ दवा आदि उपचार के लिए दिनरात शिफ्टों में ड्यूटी कर रहे हैं। सोमवार को वहां तैनात महिला स्टाफ ने कुछ पुरूष कर्मचारियों पर लेट नाइट ड्यूटी पर बुलाने तथा रात में ड्यूटी के दौरान गलत व्यवहार करने का आरोप लगाया। इसके चलते वहां कर्मचारियों में आपस में नोकझोंक हो गई। इस पर अस्पताल में हंगामा हो गया, जिसके बाद वहां भर्ती मरीजों में भी खलबली मच गई। कुछ महिला पाजिटिव मरीजों ने अपने परिजनों को फोन कर इसकी सूचना दे दी, जिसके बाद चिकित्सा विभाग के अफसरों तक मरीजों के परिजनों ने फोन कर दिए। कोविड अस्पताल के इंचार्ज एसीएमओ डा. वीके सिंह को स्टाफ से वार्ता करने के निर्देश दिए गए, जिसके बाद महिला कर्मचारियों ने कुछ पुरूष कर्मचारियों के साथ काम करने पर आपत्ति जाहिर की। वहीं लेट नाइट ड्यूटी पर बुलाने की भी शिकायत की गई। मामले में गंभीरता दिखाते हुए स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने वहां तैनात कर्मचारियों की ड्यूटी बदल दी।
चिकित्सक न पहुंचने पर भी विवाद
कोविड अस्पताल में आइसोलेट चल रहे मरीज वार्ड ब्वाय और वार्ड आया के ही हवाले हैं। चिकित्सकों के निर्देश पर फार्मासिस्ट ही मरीजों को दवा दे रहे हैं। हंगामे के दौरान अस्पताल में चिकित्सकों के न पहुंचने पर भी स्टाफ ने नाराजगी व्यक्त की, मामले को दबाते हुए विभागीय अधिकारियों ने आनन-फानन में स्टाफ की ड्यूटी बदलकर मामले पर पानी डाला। कोविड अस्पताल में स्टाफ के बीच किसी बात पर विवाद हो गया था। अस्पताल में विवाद होने पर कुछ अफवाहें भी उड़ी, जो गलत है। फिलहाल वहां तैनात कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी बदली गई है।
-डा. प्रवीन चोपड़ा, सीएमओ