आंधी ने उखाड़ फेंके पेड़ व खंभे, सौ गांवों की बिजली ठप
गुरुवार की देर शाम चली आंधी ने यहां दर्जनों पेड़ और खंभे उखाड़ फेंके। पॉली हाउस को भी जबर्दस्त हानि हुई।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। गुरुवार की देर शाम चली आंधी ने यहां दर्जनों पेड़ और खंभे उखाड़ फेंके। पॉली हाउस को भी जबर्दस्त हानि हुई। आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। गिरे पेड़ से रास्ते जाम हो गए। वहीं खंभे और तार टूटने से आधे कस्बे और करीब सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। आंधी के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात दी।
आंधी ने यहां भारी नुकसान पहुंचाया। नेशनल हाईवे पर टबीटा मोड़ पर खोखा उड़कर गिरा। पूरा खोखा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि कोई इसकी चपेट में नहीं आया। तिगाई में दो पेड़ सड़क पर गिरने से पूरी रात वहां जाम की समस्या बनी रही। फुलत, रायपुर नंगली, मुबारिकपुर तिगाई आदि करीब एक दर्जन गांवों में आंधी ने सौ से अधिक पेड़ गिरा दिए। बागवान जईम हसन कादिरी ने बताया कि फुलत में उनके पॉली हाउस की छत उड़ गई। बाग में करीब एक दर्जन लीची व आम के पेड़ गिर गए। जुबैर के बाग में आम और लीची के करीब बीस पेड़ गिर गए। करीब दस कुंतल आम टूटकर उड़ गए। पीपलहेड़ा के किसान भारतवीर आर्य ने बताया कि उनके पॉली हाउस की छत उड़ गई। फसल को भारी नुकसान हुआ है। उधर ऊर्जा निगम के एसडीओ देहात पुष्पदेव का कहना है कि बुढ़ाना रोड मेन बिजलीघर पर एचटी लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने से कई खंभे टूट गए। टोडा, सिकंदरपुर, रतनपुरी, भनवाड़ा, सठेड़ी, पमनवाली, आदि गांवों में पेड़ गिरने से 50 से अधिक खंभे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे करीब सौ गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कुछ जगह रविवार तक बिजली आपूर्ति चालू हो सकेगी। कुछ गांवों में सोमवार व मंगलवार तक बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकेगी। एसडीओ नगर जयवंत गुप्ता का कहना है कि भैंसी गांव में चार खंभे टूट गए। इसके अलावा टाउन वन फीडर की लाइन पर पेड़ गिरने से खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। आधे कस्बे व भैंसी गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शनिवार तक बिजली आपूर्ति सुचारू होने की उम्मीद है।