भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को अर्पित किए श्रद्धासुमन
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर जिले के सभी विकास खंडों में सुशासन दिवस मनाया गया। सदर ब्लाक कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को किसानों समेत भाजपाइयों ने बड़े ध्यान से सुना।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर जिले के सभी विकास खंडों में सुशासन दिवस मनाया गया। सदर ब्लाक कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को किसानों समेत भाजपाइयों ने बड़े ध्यान से सुना।
सदर ब्लाक में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उप कृषि निदेशक जसवीर सिंह ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। डा. बालियान ने कहा कि अटलजी ने जो सपना देखा था वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साकार कर रहे हैं। देश में भगवा ध्वज लहरा रहा है। जितने विकास कार्य 60 सालों में हुए उनके सात सालों में हो गए हैं। पीड़ित की समस्या का त्वरित गति से समाधान हो रहा है। किसानों के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार फिक्रमंद हैं। कृषि कानूनों से अन्नदाता को सीधा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि खेती का स्वरूप बदल रहा है, जिसे देखते हुए किसान को भी आधुनिक होना होगा। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अमित चौधरी, भूमि संरक्षण अधिकारी तुलसीराम प्रजापति, भाजपा महिला मोर्चे की जिलाध्यक्ष अंजलि चौधरी, विपिन कुमार आदि मौजूद रहे।
इसी क्रम में बरला गांव में अटलजी की जयंती पर कार्यक्रम हुआ। भाजपा जिला मंत्री वैभव त्यागी ने कहा कि अटलजी राजनीतिज्ञ होने के साथ नामचीन कवि भी थे। विरोधी दल भी उनका सम्मान करते थे। वह सभी को साथ लेकर चले। इस दौरान पवन त्यागी, ऋषिपाल गुर्जर, बाबी त्यागी व गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री मोहम्मद सलीम के भोपा रोड स्थित प्रतिष्ठान पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार सुदर्शन सिंह बेदी व समाजसेवी मनीष चौधरी मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतुल गर्ग ने की। इस दौरान सुरेंद्र मित्तल, सचिन गर्ग, कुणाल चौधरी, गोविद स्वरूप व अशोक कौशिक आदि मौजूद रहे।
वहीं बचन सिंह कालोनी में सरवट प्रधान उषा शर्मा ने कहा कि अटलजी के कार्यकाल में देश में अभूतपूर्व कार्य हुए। उन्हें नरम दल का नेता कहा जाता था, लेकिन पोखरण परमाणु प्रशिक्षण से दुनिया को चौंका दिया था। वरिष्ठ भाजपा नेता पं. श्रीभगवान शर्मा ने कहा कि देश विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पं. मदन मोहन मालवीय को भी याद किया।
पूर्व प्रधानमंत्री को किया याद
तिसंग सहकारी सेवा समिति में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्मदिवस पर कार्यक्रम हुआ। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रूपेंद्र सैनी ने कहा कि अटलजी की नीतियां दूरगामी थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमित कसाना ने की व संचालन सहकारी किसान समिति सेवा तिसंग के चेयरमैन राजन वालिया ने किया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजीव सिहं गुर्जर, संदीप कश्यप, राजकुमार गुर्जर, सुनील चाहल व ठाकुर रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।