पुरानी नंबर प्लेट के वाहनों का काम रोकेगा परिवहन विभाग
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में पुरानी नंबर प्लेट लगे वाहनों की फिटनेस के साथ अन्य कार्य पर रोक लगा दी है। वाहन स्वामियों को पहले उच्च सुरक्षा की नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दर्जनभर वाहनों की फिटनेस जारी नहीं की गई। शनिवार को विभाग का सर्वर फेल होने से तमाम कार्य प्रभावित हो गए। घंटों लाइन में लगे अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। उसके बाद व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय में पुरानी नंबर प्लेट लगे वाहनों की फिटनेस के साथ अन्य कार्य पर रोक लगा दी है। वाहन स्वामियों को पहले उच्च सुरक्षा की नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया है। शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दर्जनभर वाहनों की फिटनेस जारी नहीं की गई। शनिवार को विभाग का सर्वर फेल होने से तमाम कार्य प्रभावित हो गए। घंटों लाइन में लगे अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। उसके बाद व्यवस्था को दुरुस्त किया गया।
जनपद में दुपहिया और चौपहिया के करीब तीन लाख से अधिक वाहन पंजीकृत हैं, जिन पर जनपद का परिवहन कोड (यूपी-12) लागू है। अधिकांश वाहन पुरानी नंबर प्लेट पर ही दौड़ लगा रहे हैं। वर्तमान में उच्च सुरक्षा की नंबर प्लेट का रिकार्ड केंद्रीय परिवहन पोर्टल सारथी पर अपलोड है, लेकिन पुरानी व्यवस्था पर पंजीकरण वाहनों का डाटा इसमें शामिल नहीं है। एआरटीओ ने शुक्रवार से पुरानी व्यवस्था की नंबर प्लेट लगे सभी वाहनों का कार्य को रोक दिया है। इन वाहनों का फिटनेस, परिमट, रोड टैक्स के साथ अन्य कार्य नहीं किया जाएगा। शनिवार को भी विभाग में करीब एक दर्जन से अधिक वाहनों की फिटनेस नहीं हो सकी।
डीलर से करना होगा संपर्क
वाहन स्वामी को आनलाइन ही नंबर प्लेट पोर्टल पर चढ़वानी पड़ेगी। इसके लिए संबंधित डीलर से संपर्क करना होगा। उसके बाद नई व्यवस्था की नंबर प्लेट जारी होने के साथ विभाग में वाहन का फिटनेस, प्रदूषण कार्य और परमिट आदि कार्य पूर्ण किया जाएगा।
सर्वर फेल होने से बड़ी दिक्कत
शनिवार को परिवहन विभाग का मुख्य सर्वर फेल हो गया। इससे लाइसेंस, पंजीकरण, डाटा रिकार्ड के साथ आनलाइन फीस नहीं काटी जा सकी है। लाइसेंस अभ्यर्थियों के हंगामा करने पर लगभग दो घंटे बाद सर्वर चालू हो सका। उसके बाद लोगों के कार्य निपटाए गए।
इन्होंने कहा
पुरानी व्यवस्था की नंबर प्लेट पर दौड़ रहे वाहनों का कार्य विभाग में रोक दिया गया है। इन वाहनों का फिटनेस प्रमाण-पत्र, प्रदूषण के साथ परिमट जारी नहीं होगा। शनिवार को सर्वर में थोड़ी समस्या हो गई थी। इसे तकनीशियन से दुरुस्त कराया है।
-विनीत मिश्र, एआरटीओ प्रशासन, मुजफ्फरनगर।