खतौली में तीसरे दिन भी गन्ना लदे वाहनों से लगा जाम
शुगर मिल में बंपर गन्ना पहुंचने से लगातार तीसरे दिन कई मार्गों पर जाम की समस्या बनी रही।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। शुगर मिल में बंपर गन्ना पहुंचने से लगातार तीसरे दिन कई मार्गों पर जाम की समस्या बनी रही।
शुगर मिल में पेराई सत्र के अंतिम चरण में बंपर गन्ना आ रहा है। पर्चियां जारी होने से किसान अपना तमाम गन्ना सप्लाई कर रहे हैं। अधिकांश किसान शुगर मिल में पर्ची से अधिक गन्ना ला रहे हैं। इसी वजह से गन्ने की सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉली बढ़ गई। गुरुवार को मिल की एक यूनिट बंद होने से जाम लग गया था। उसी दिन से यहां सफेदा रोड, मेन रोड, फलावदा रोड, जसौला रोड और जानसठ रोड पर गन्ना लदे वाहनों की लाइनें लग रही हैं। शनिवार को भी यहां जाम लगा रहा। जाम से लोगों को खासी परेशानी हो रही है।
उधर शुगर मिल के उपाध्यक्ष डा. अशोक का कहना है कि इंडेंट अधिक जारी होने और किसानों द्वारा पर्ची से अधिक गन्ना लाने के चलते गन्ना उतरने में देर लग रही है। इसी कारण जाम लग रहा है। यह समस्या रविवार को निपट जाएगी।