कार की टक्कर से ट्रैक्टर टूटा, एक घायल
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर कलां में गुरुवार की तड़के तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर बीच से टूट गया। साथ ही कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। उधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायपुर नंगली गांव के पास एक जीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में जीप का चालक घायल हो गया।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर कलां में गुरुवार की तड़के तेज रफ्तार कार ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर बीच से टूट गया। साथ ही कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान ट्रैक्टर सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया। उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग पर रायपुर नंगली गांव के पास एक जीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में जीप का चालक घायल हो गया।
गांव रामपुर निवासी हर्षित उर्फ बिट्टू पुत्र तेजेंद्र शर्मा गुरुवार की सुबह करीब साढ़े पांच बजे त्रिवेणी शुगर मिल से गन्ना डालकर ट्रैक्टर-ट्राली से घर लौट रहा था। सठेड़ी के पास से ट्रैक्टर पर डबल गांव का मुकेश पुत्र चतर सिंह भी सवार हो गया। सिकंदरपुर कलां गांव के पास बुढ़ाना की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने अन्य वाहन से बचने के प्रयास में हर्षित के ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर बीच से टूट गया और उसके दो टुकड़े हो गए। इस दौरान कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार मुकेश घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपित चालक कार को छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। चिकित्सकों ने घायल को मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि कार सवार पानीपत से बिजनौर शादी समारोह में जा रहे थे। हर्षित ने थाने पर कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर गांव रायपुर नंगली गांव के पास एक जीप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में जीप चालक कस्बा छुटमलपुर निवासी ब्रह्मपाल घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।