बगैर दूल्हे के आई बरात, दुल्हन गई विदेश
जानसठ कस्बे में कुछ अलग ही तरह का निकाह हुआ है। हैदराबाद से बड़ी सादगी से बरात तो आई लेकिन दूल्हा नहीं आया। बगैर दूल्हे के निकाह की सभी रस्म हुई। सऊदी अरब से दूल्हे ने वीडियो काल की तो दुल्हन ने निकाह कुबूल किया। इसके बाद दुल्हन सास के साथ विदेश रवाना हो गई।
मुजफ्फरनगर, टीम जागरण। जानसठ कस्बे में कुछ अलग ही तरह का निकाह हुआ है। हैदराबाद से बड़ी सादगी से बरात तो आई, लेकिन दूल्हा नहीं आया। बगैर दूल्हे के निकाह की सभी रस्म हुई। सऊदी अरब से दूल्हे ने वीडियो काल की, तो दुल्हन ने निकाह कुबूल किया। इसके बाद दुल्हन सास के साथ विदेश रवाना हो गई।
कस्बे में तीन दिन पहले हैदराबाद से बरात आई। बरातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, लेकिन दूल्हा बरात में नहीं था। दरअसल, दूल्हा सऊदी अरब की एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर है और निकाह के लिए अवकाश नहीं मिल पाया।
चूंकि निकाह की तिथि पहले ही तय हो गई थी। ऐसे में दोनों पक्षों के लोगों ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से निकाह का रास्ता अपनाया। दूल्हा ने दुल्हन से वीडियो कालिग के जरिए बातचीत की। इसके बाद काजी ने निकाह की रस्म पूरी कराई। निकाह के बाद दुल्हन ससुराल वालों के साथ चली गई। अगले दिन दुल्हन अपनी सास के साथ सऊदी अरब रवाना हो गई।
दुल्हन के पिता मोहम्मद जिलानी ने बताया कि हैदराबाद से बरात आई थी। दामाद अकीब सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, जिन्हें छुट्टी नहीं मिल पाई। इसके चलते वीडियो कालिंग के जरिए निकाह की रस्म पूरी हुई। बेटी इलम अपनी सास के साथ दामाद के पास पहुंच गई है।
बघरा में किसान मेला छह को
मुजफ्फरनगर, टीम जागरण। उप कृषि निदेशक आरपी चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत तिलहन खेती के लिए छह जनवरी को कृषि विज्ञान केंद्र बघरा में कृषक मेला लगाया जाएगा। मेला का शुभारंभ सुबह 10 बजे होगा। मेला में उन्नत कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी के साथ संबंधित विभागों की ओर से स्टाल लगाए जांगे। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी देंगे। कृषि विज्ञान केंद्र बघरा, गन्ना शोध संस्थान की ओर से उन्नत खेती के बारे में बताया जाएगा।