आंदोलन में आप किसानों के साथ, नारेबाजी
मेरठ किसान महापंचायत में जाने से पूर्व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान अपनी जमीन बचाने के साथ फसल का वाजिब दाम मांग रहा है लेकिन उन पर अत्याचार कर रही है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। मेरठ किसान महापंचायत में जाने से पूर्व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसान अपनी जमीन बचाने के साथ फसल का वाजिब दाम मांग रहा है, लेकिन उन पर अत्याचार कर रही है।
आप के युवा विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद नावेद के नेतृत्व में खतौली जीटी रोड पर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में लोग आप की नीतियों, काम से प्रभावित हैं। मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल की सरकार विकास कर रही है। मेरठ किसान महापंचायत में जाने से पहले कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क किया। इसके बाद सैकड़ों कार्यकर्ता बस से मेरठ रवाना हुए। किसान रैली में जाने वालों में नौशाद, मुन्ना, आशू, जावेद, जमशेद, इरशाद, एजाज खलील, कुलदीप तोमर, रामवीर, चमनलाल, यशवीर, संजय, मोहसिन व जमील आदि रहे।
कृषि कानून के विरोध में छपार में पंचायत करेगी भाकियू तोमर
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) तोमर के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर ने छपार में जारी प्रेस नोट में कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार किसान विरोधी है। कृषि कानून के विरोध में किसान सड़कों पर उतरकर तीन माह से अधिक समय से आंदोलन कर रहा है। परंतु सरकार किसानों को अनदेखा कर रही है। कृषि कानूनों को जबरन किसानों पर थोपा जा रहा है, जो सरासर गलत है। प्रदेश सरकार ने पिछले तीन वर्ष से गन्ने के भाव में कोई वृद्धि नहीं की है, जबकि महंगाई कमर तोड़ रही है। डीजल-पेट्रोल के भाव आसमान छू रहे हैं। दिन-प्रतिदिन बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। सरकार ने कुछ लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए ही कृषि कानून पारित किए हैं। संजीव तोमर ने कहा कि कृषि कानून के विरोध में भाकियू तोमर 4 मार्च को छपार में महापंचायत करेंगी, जिसमें मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, मेरठ, मुरादाबाद व उत्तराखंड के किसान प्रतिभाग करेंगे। महापंचायत में सरकार से कृषि कानून की वापसी की मांग जायेगी। डीजल, पेट्रोल के बढ़ते भाव के मुद्दे को भी उठाया जायेगा। भाकियू तोमर शुरुआत से ही कृषि कानूनों का विरोध कर रही है और वापसी तक लड़ाई जारी रहेगी। इस दौरान राष्ट्रीय प्रतिनिधि पवन त्यागी, सुमित पचेंडा, अजय त्यागी, प्रमोद शर्मा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रवण त्यागी, निखिल चौधरी, अयूब मार्शल व नवाब प्रधान आदि मौजूद रहे।