फ्लाईओवर पर स्लैब रखने का काम तेज
खतौली में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने भैंसी कट पर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को तेज कर दिया है। शनिवार को बड़ी क्रेनों के माध्यम से पिलरों पर स्लैब रखे गए। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। नावला गांव के निकट भी अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां से वाहनों को डायवर्ट कर नई सड़क बनाकर निकाला जा रहा है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। खतौली में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने भैंसी कट पर फ्लाईओवर के निर्माण कार्य को तेज कर दिया है। शनिवार को बड़ी क्रेनों के माध्यम से पिलरों पर स्लैब रखे गए। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थमी रही। नावला गांव के निकट भी अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। यहां से वाहनों को डायवर्ट कर नई सड़क बनाकर निकाला जा रहा है।
दिल्ली से देहरादून तक यात्रियों, सैलानियों का सफर आसान करने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण किया जा रहा है। खतौली क्षेत्र में भंगेला गांव और भैंसी कट पर फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। यहां अक्सर दुर्घटना होने का खतरा रहता है। सर्दी के मौसम में कोहरा, धुंध पड़ने पर स्थिति अधिक गंभीर हो जाती है। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की निर्माण इकाई ने भैंसी कट पर खड़े किए गए पिलरों पर स्लैब रखने का कार्य शुरू कराया है। यहां तीन बड़ी क्रेन लगाकर फ्लाईओवर के स्लैब को पिलरों में रखा गया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक हाईवे पर यातयात की रफ्तार धीमी रही। वाहनों को धीमी रफ्तार से निकाला गया। इसके साथ ही नावला गांव के निकट अंडरपास के निर्माण कार्य ने भी रफ्तार पकड़ ली है। अंडरपास के दोनों ओर नए सिरे से सड़क बनाकर वाहनों का संचालन हो रहा है। मुख्य हाईवे की सड़क पर आवाजाही को रोक दिया गया है। एनएचएआइ के पीडी डीके चतुर्वेदी ने बताया कि भैंसी कट और भंगेला का फ्लाईओवर दिसंबर में पूर्ण किया जाना है। जनवरी में दोनों फ्लाईओवर पर वाहनों के दौड़ने का ट्रायल किया जाएगा।