दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने कहा, कांग्रेस और भाजपा ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया
यूपी के मुजफ्फरनर में रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पर पहुंचे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने एक समय ख्वाब देखा था कि यहां संसाधनों के सदुपयोग व लोगों की मेहनत से देवभूमि को सपनों का राज्य बनाया जा सकेगा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। यूपी के मुजफ्फरनर में रामपुर तिराहा स्थित उत्तराखंड शहीद स्मारक पर पहुंचे दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों ने एक समय ख्वाब देखा था कि यहां संसाधनों के सदुपयोग व लोगों की मेहनत से देवभूमि को सपनों का राज्य बनाया जा सकेगा। जहां बच्चों को अच्छी शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य, बेरोजगारों को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा व सम्मान मिलेगा। परंतु ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। 20 वर्षों में कांग्रेस व भाजपा ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया है। आज मैं शहीदों के समक्ष संकल्प लेता हूं कि हम सब मिलकर उत्तराखंडवासियों के सपने को साकार करेंगे।
शुक्रवार को देहरादून जाते समय मनीष सिसौदिया खतौली स्थित चीतल ग्रांड पर रुके और चीतल स्वामी शारिक राणा का हाल-चाल पूछा। कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को नमन किया।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी शिक्षा की हालत बेहद खराब है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लडऩे की घोषणा कर कहा है कि वह यूपी में भी दिल्ली के शिक्षा माडल को लागू करेंगे। मनीष सिसौदिया ने कहा कि भाजपा सरकार के मंत्री बौखलाहट में तरह-तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश व दिल्ली के शिक्षा माडल पर बहस करने की चुनौती दी है, जिस पर वह 22 दिसंबर को लखनऊ पहुंचकर बहस करेंगे। केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण आज किसान सड़कों पर उतरे हैं, जो देश का दुर्भाग्य है।
इस दौरान पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष एसएस कालरा, मुजफ्फरनगर के जिलाध्यक्ष अरविंद बालियान आदि मौजूद रहे।