किसानों की समस्या को लेकर रालोद का प्रदर्शन
राष्ट्रीय लोकदल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों से रालोद नेताओं के साथ ट्रैक्टरों पर सवार होकर किसान बड़ी संख्या में कचहरी पहुंचे। कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिग कर रोकने का प्रयास किया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर सोमवार को कलक्ट्रेट का घेराव करते हुए डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों से रालोद नेताओं के साथ ट्रैक्टरों पर सवार होकर किसान बड़ी संख्या में कचहरी पहुंचे। कई स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिग कर रोकने का प्रयास किया।
सोमवार को रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी के नेतृत्व में जनपद भर से किसान और कार्यकर्ता विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे। कोरोना काल में अधिक संख्या में एकत्र होने की पाबंदी के बावजूद रालोद कार्यकर्ताओं और किसानों ने मिलकर प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री चौ. योगराज सिंह ने कहा कि प्रदेश में किसान बर्बाद हो रहा है। आज किसानों के हित में काम करने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को शुगर मिलों से बकाया गन्ना मूल्य दिलाने में विफल नजर आ रहे हैं। उन्होंने इस सरकार पर पूंजीवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की भूमि को लेने के बाद भी उनको बाजारी कीमत पर अधिग्रहित भूमि का मुआवजा नहीं मिल रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो रालोद बड़ा आंदोलन करेगा। इससे पूर्व रालोद कार्यकर्ताओं और किसानों की कई स्थानों पर पुलिस ने रोकने की कोशिश की, जहां पुलिस और किसानों की नोकझोंक हुई। प्रकाश चौक पर किसानों ने सिविल लाइन थाना प्रभारी डीके त्यागी को धक्का मारकर कचहरी में प्रवेश किया। सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह को किसानों ने ज्ञापन दिया।