क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज, दौड़ स्पर्धा में दिखाया दम
लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के खेल प्रांगण में गुरुवार को दो दिवसीय 33वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। पहले दिन दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड ब्रज और मेरठ प्रांत के खिलाड़ियों के बीच स्पर्धा हुई। अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के खेल प्रांगण में गुरुवार को दो दिवसीय 33वीं क्षेत्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उद्घाटन हुआ। पहले दिन दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताओं में उत्तराखंड, ब्रज और मेरठ प्रांत के खिलाड़ियों के बीच स्पर्धा हुई। अतिथियों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेगराजपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन जैन, उद्योगपति संजीव कुमार, विद्या भारती प्रश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, भारतीय शिक्षा समिति के मंत्री अरुण खंडेलवाल, विद्या भारती के क्षेत्रीय खेल संयोजक सत्यपाल सिंह, विद्यालय प्रबंधक देवेंद्र कुमार गर्ग ने संयुक्त रूप से मां शारदे के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य वक्ता डोमेश्वर साहू ने कहा कि विद्या भारती संस्कारयुक्त शिक्षा प्रदान कर रही है। विद्या भारती के भाई-बहन राष्ट्रीय ही नहीं अपितु अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में भी पदक जीत रहे हैं। छात्रों ने राधा-कृष्ण पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। क्षेत्रीय खेल प्रमुख रामकुमार त्यागी ने बताया कि एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ब्रज प्रदेश के 80 विद्यालयों के करीब 150 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। पहले दिन दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और हैमर-थ्रो आदि प्रतियोगिताएं हुई। हैमर-थ्रो में अंडर-17 बालक वर्ग में मेरठ प्रांत के परिनव और बालिका वर्ग में गरिमा तथा अंडर-19 बालक वर्ग में बाबी और बालिका वर्ग में गुंजन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में अंडर-17 बालक वर्ग में उत्तराखंड के आर्यवीर तथा बालिका वर्ग में ब्रज की महक चौधरी, अंडर-19 बालक वर्ग में उत्तराखंड के राहुल तथा बालिका वर्ग में मेरठ की ऋतु यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में अंडर-17 बालक वर्ग में मेरठ के अक्षय, बालिका वर्ग में ब्रज की यशोदा, अंडर-19 बालक वर्ग में ब्रज के प्रमोद, बालिका वर्ग में मेरठ की निधि चौधरी प्रथम रहीं। लंबी कूद अंडर-17 बालिका वर्ग में मेरठ की प्राची तथा अंडर-19 बालिका वर्ग में ब्रज की जयकुमारी प्रथम रहीं। गोला फेंक अंडर-17 बालक वर्ग में मेरठ के दीपांशु, अंडर-19 में मेरठ के अभिषेक बैंसला ने प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया।