मुजफ्फरनगर के शहर काजी जहीर आलम का निधन Muzzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर के शहर काजी जहीर आलम का शनिवार को निधन हो गया। उनकी उम्र 90 वर्ष की थी। इस घटना से शहर के मुस्लिम समाज में शोक का माहौल है ।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर के शहर काजी जहीर आलम शनिवार देर रात निधन हो गया वह पिछले एक सप्ताह से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। उनकी उम्र 90 वर्ष थी। उनके निधन की खबर से मुस्लिम समाज और शहर के गणमान्य लोगों में शोक की लहर छा गई। लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उनके सबसे बड़े पुत्र तनवीर आलम ने बताया कि शनिवार देर रात 2 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। शहर के शामली रोड स्थित कब्रिस्तान में शहर काजी के जनाजे को सुपुर्द खाक किया जाएगा। इस घटना से मुस्लिम समाज में शोक का माहौल है।
वर्ष 1956 में बने थे शहर काजी
जहीर आलम वर्ष 1956 में शहर काजी की उपाधि से नवाजे गए थे। उन्हें प्रदेश के राज्यपाल ने बकायदा शहर काजी का सर्टिफिकेट दिया था। बताते हैं कि वह अपने पिता काजी मोहम्मद यूसुफ के इंतकाल के बाद उपाधि पर पहुंचे थे। मुजफ्फरनगर शहर काजी के रूप में वह अपने कुनबे की चौथी पीढ़ी में बताए जा रहे हैं।
पोलियो जागरूकता पर मिला था अवॉर्ड
शहर काजी शरीर आलम को मुस्लिम समाज के साथ लोगों में पोलियो के खिलाफ जागरूकता लाने और इस अभियान को सफल बनाने के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से अवार्ड मिला था इसके अलावा शहर काजी कांग्रेस में लंबे समय तक नेताओं के साथ रहे हैं।