बेटे को भी मारना चाहता था आरोपित
पुरकाजी : पुलिस ने गोधना गांव के विवाहिता हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। आरोपित पिता
पुरकाजी : पुलिस ने गोधना गांव के विवाहिता हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है। आरोपित पिता विवाहिता के साथ पुत्र गौरव (14) को भी मारना चाहता था। फिलहाल घायल गौरव हरिद्वार के निजी अस्पताल में भर्ती है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
गोधना गांव में मंगलवार रात विवाहिता किरण की संदिग्ध परिस्थिति में मौत पर हंगामा हो गया था। शव को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों से मारपीट की थी। पुलिस ने चिता से अधजला शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पुलिस के अनुसार रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण नहीं आया है। मृतका के भाई तेलूराम ने बताया कि घटना की जानकारी देने वाले भांजे गौरव की तबीयत खराब है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरिद्वार में उपचाराधीन गौरव ने मामा को बताया कि उसके पिता ने मां को जहर देने के बाद उसे भी जहर देने का प्रयास किया था। किसी तरह वह निकल भागा। उधर, एसएसआइ मनोज चौधरी के नेतृत्व में पुलिस ने झबरपुर व हरिद्वार जिले के मंगलौर थानांतर्गत रजौली गांव में दबिश दी है। तेलूराम ने मृतका के पति विजय पाल, ससुर दिलेराम, धर्मवीर, मोनू व बिरजू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट कराई है। पुलिस करेगी भीड़ की पहचान
पुलिस के अनुसार भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने मायका पक्ष के लोगों से मारपीट की थी। नामजद के अलावा भीड़ में शामिल आरोपितों की पहचान की जा रही है। इन्होंने कहा कि..
पोस्टमार्टम के बाद बिसरा प्रिजर्व कर लैब भेज दिया गया है। स्पष्ट कारण जानने के लिए चिकित्सकों से बात की जा रही है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
- अमरदीप लाल, प्रभारी निरीक्षक, पुरकाजी।