'जनता की कमाई, महोत्सवों में उड़ाई'
उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व की सरकारों में जनता की गाढ़ी कमाई को महोत्सवों में उड़ाया गया जबकि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता व समर्थक राष्ट्र के प्रति समर्पित है।
मुजफ्परनगर, जेएनएन। उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि पूर्व की सरकारों में जनता की गाढ़ी कमाई को महोत्सवों में उड़ाया गया, जबकि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता व समर्थक राष्ट्र के प्रति समर्पित है।
खतौली के मुबारिकपुर तिगाई गांव स्थित चौधरी हरबंश कन्या डिग्री कालेज में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने गुंडाराज पर लगाम लगाकर बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित की है। तुष्टिकरण का आरोप लगाने वाले बताएं कि उनके कार्यकाल में प्रदेश कितना बदहाल था। योजनाओं के बजाय पैसे को सिनेमाई लोगों पर खर्च किया गया।
दरअसल, खतौली विधानसभा सीट से विधायक विक्रम सिंह सैनी इस सीट से भाजपा प्रत्याशी हैं। गत दिनों उनका मंसूरपुर क्षेत्र के मुनव्वरपुर कलां गांव में विरोध हुआ था। यह गांव सैनी समाज का है। लोगों की नाराजगी दूर करने और वोट बैंक साधने के लिए रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम मुबारिकपुर तिगाई गांव में रखा गया था। उन्हें सैनी समाज एवं भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करना था। उन्हें मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन में हेलीकाप्टर से पहुंचना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण सड़क मार्ग से कार्यक्रम तय हुआ।
उनकी प्रतीक्षा होती रही, लेकिन दो बजे के बाद कार्यक्रम निरस्त हो गया। इसके बाद उप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जसवंत सिंह सैनी का कार्यक्रम तय किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, उपाध्यक्ष बिजेंद्र पाल, विस. क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, महामंत्री विजय सैनी, नगराध्यक्ष अमित जैन, पूर्व जिलामंत्री मदन छाबड़ा, विधायक प्रतिनिधि पंकज भटनागर, श्याम रहेजा, अनुज सहरावत आदि रहे। इनसेट
कुछ गलतियां हुई हैं, मुझे माफ करें : विक्रम
कार्यक्रम में विधायक एवं प्रत्याशी विक्रम सिंह सैनी ने मंच से स्वीकारा कि उनकी जुबान कड़वी है। पिछले पांच वर्ष में कुछ गलतियां हुई हैं, जिनके लिए क्षमा मांगते है। भविष्य में ऐसा नहीं होगा। उन्होंने कहा, राष्ट्र के प्रति उनकी निष्ठा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता।