बेसिक शिक्षा छात्रों के जीवन निर्माण का आधार: भीम
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर) पूर्व माध्यमिक विद्यालय राजपुर-छाजपुर में छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त प
बुढ़ाना(मुजफ्फरनगर) : पूर्व माध्यमिक विद्यालय राजपुर-छाजपुर में छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त प्रधानध्यापकों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया गया। डायट प्राचार्य भीम सिंह ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और देशप्रेम के प्रति प्रेरित करें। बेसिक शिक्षा की नींव जितनी मजबूत होगी, वैसा ही व्यक्तित्व का निर्माण होगा।
विद्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ। दीप प्रज्जवलन आचार्य गुरुदत्त आर्य एवं प्रधान लोकेश कुमार शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य भीम सिंह ने कहा कि बेसिक शिक्षा छात्र-छात्राओं के जीवन निर्माण का आधार है। अध्यापक विद्यार्थियों को मूल्यपरक और श्रेष्ठ शिक्षा दें। भारत के इतिहास, महापुरुषों, वैज्ञानिकों की खोज एवं राष्ट्र सेवाओं से छात्रों को अवगत कराया जाए। शिक्षक परिश्रमी, लगनशील, गुणवान होंगे तो उनके आचरण का बच्चों पर श्रेष्ठ प्रभाव होगा। संस्था के कार्य प्रशंसनीय और प्रेरक हैं। बीडीओ सुभाष चन्द ने कहा कि विद्यालयों में भावी पीढ़ी का शारीरिक, मानसिक, आत्मिक और सामाजिक विकास होता है। अध्यक्षता करते हुए वैदिक संस्कार चेतना अभियान संयोजक आचार्य गुरुदत्त आर्य ने कहा कि विद्यालय राष्ट्र निर्माण की इकाई और बच्चे राष्ट्र निर्माता हैं। राजबल और धनबल से बड़ा बल सत्य, धर्म, चरित्र का होता है। विद्यार्थियों को संस्कारों के महत्व समझाए। छात्र-छात्राओं ने शहीद भगत सिंह के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुति दी। प्रधानाचार्य एवं राष्ट्रपति शिक्षक अवार्ड से अलंकृत ब्रजपाल राठी ने विद्यालय की प्रगति रिपोर्ट रखी। सेवानिवृत्त एनपीआरसी ब्रजपाल शर्मा, प्रधानाध्यापक ओमपाल, शिक्षक सोमपाल, किस्मती देवी, हरवीर सिंह को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पीएनबी कांधला प्रबंधक सुशील कुमार, जीत सिंह, आशीष, गरिमा, पवन शर्मा आदि का सहयोग रहा।