कोरोना के खिलाफ जनता ने दिखाई एकजुटता
पूर्ण लॉकडाउन सोमवार की सुबह खत्म हो गया। जीवन रक्षा के लिए लगाए गए लॉकडाउन में दो दिन तक जनता ने भी एकजुटता दिखाई। शनिवार-रविवार को शहर और देहात में पूरी तरह से खामोशी छाई रही। कोरोना संक्रमण अब खौफ पैदा करने लगा है इससे लोगों में अपनी जान की परवाह बढ़ी है। नियमों का पालन ही संक्रमण से बचाव का एकमात्र साधन है।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। पूर्ण लॉकडाउन सोमवार की सुबह खत्म हो गया। जीवन रक्षा के लिए लगाए गए लॉकडाउन में दो दिन तक जनता ने भी एकजुटता दिखाई। शनिवार-रविवार को शहर और देहात में पूरी तरह से खामोशी छाई रही। कोरोना संक्रमण अब खौफ पैदा करने लगा है, इससे लोगों में अपनी जान की परवाह बढ़ी है। नियमों का पालन ही संक्रमण से बचाव का एकमात्र साधन है। पुलिस और प्रशासन ने भी सख्त रवैया अपनाया और एक-एक प्वाइंट पर चौकसी बढ़ाई।
शिव चौक शहर का हृदयस्थल है। इसके अलावा शहर में भगत सिंह मार्केट, झांसी रानी पार्क पर कपड़ा मार्केट होने के साथ मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा शहर के मुख्य प्वाइंट वाले चौराहे हैं। यहां सामान्य स्थिति में बेहताशा भीड़ रहती है। ऐसा ही हाल नईमंडी क्षेत्र के बाजारों में भी रहता है। बढ़ते संक्रमण पर एकता और सावधानी से प्रहार करने के लिए 55 घंटे का लॉकडाउन लगाया गया। दोनों दिन संक्रमित मरीजों का आंकड़ा तो कम नहीं रहा, लेकिन लोगों ने जीवन रक्षा को पहला स्थान दिया है। इसके चलते संपूर्ण शहर में सन्नाटा पसरा रहा। तमाम सड़कें और चौराहे रविवार को भी खामोशी की चादर में लिपटे नजर आए।
प्वाइंट बनाकर तैनात रही पुलिस
शहरी क्षेत्र के साथ संपर्क मार्ग, सड़कों पर पुलिस पिकेट तैनात रहा। जिलेभर में करीब 300 से अधिक प्वांइट रहे, जहां पुलिस के जवानों ने पूर्ण लॉकडाउन में मोर्चा संभाले रखा। सड़कों पर घूमने आए युवकों, लोगों से पूछताछ की गई। पहले समझाया गया, उसके बाद चेतावनी देकर छोड़ दिए गए। जनपद के चारों ओर बॉर्डर पर भी कड़ी निगरानी रही। हालांकि आवश्यक सेवा में लगे वाहनों को हाईवे पर दौड़ने की अनुमति रही।
सील क्षेत्रों में चौकसी, सन्नाटा छाया रहा
संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग क्षेत्रों को सील कर रहा है। गहराबाग, लद्दावाला, गढ़ी गोरवान, कृष्णापुरी, हॉट स्पॉट क्षेत्र है। यहां पूरी तरह से सन्नाटा छाया रहा। पुलिस के जवान भी क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहे। बाहर निकलने वालों के खिलाफ सख्ती से काम लिया गया।
आज उमड़ेगी बाजार में भीड़
सोमवार को बाजार पूर्व की भांति खुलेगा। बीते दिनों जब भी लॉकडाउन लगाया गया, उसे अगले दिन बाजार में जबर्दस्त भीड़ रही। इससे आशंका जताई जा रही है कि सोमवार को सड़कों पर वाहनों का रेला रहेगा। दो दिन की बंदी में प्रशासन ने ऐसा कोई भी इंतजाम नहीं किया है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।