अफसरों को 25 लाख का हिसाब देना होगा : विधायक
पुरकाजी में कार्यकर्ताओं संग बैठक में भाजपा भाजपा विधायक प्रमोद उटवाल ने कहा कि अफसरों को 25 लाख की रकम का हिसाब देना ही होगा।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। पुरकाजी में कार्यकर्ताओं संग बैठक में भाजपा भाजपा विधायक प्रमोद उटवाल ने कहा कि अफसरों को 25 लाख की रकम का हिसाब देना ही होगा। विधायक ने गेंहू क्रय केंद्र को चेक किया। रास्ते में मिले कामगारों से मिलकर उनका हाल जाना।
लॉकडाउन के बीच कार्यकर्ताओं का हाल जानने के लिए विधायक नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। बैठक में यूपी रतन डॉ संदीप वर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज जोधा, डॉ ओपी गौतम, निर्दोष जैन, संदीप गोयल आदि ने पात्रों के राशन कार्ड नहीं बनने, गन्ना भुगतान नहीं होने, बाजार खोलने का समय बढ़वाने आदि समस्याओं को रखा। उटवाल ने ईओ मनोज यादव से संबंधित समस्याओं के निस्तारण को कहा। विधायक ने कहा कि लॉकडाउन की शुरुआत में पुरकाजी विधानसभा में जरूरी सामान वितरण के लिए 25 लाख रुपये दिए थे। हिसाब मांगने पर अफसर भागे फिर रहे हैं। कहा कि हर हाल में रकम का हिसाब देना पड़ेगा। विधायक ने खादर के शेरपुर में गेंहू क्रय केंद्र को चेक किया। वहां नल के पास गंदगी को देख कड़ी नाराजगी जताई। विनोद त्यागी, समर काजमी, सतविद्र बेदी, गुरुमेल बाजवा, केपी सिंह, शिव कुमार पाल आदि मौजूद रहे।