एमके-2:: नोडल अधिकारी ने मॉस्क न लगाने वालों के कटवाएं चालान
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व जिले की नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने शुक्रवार को कई गांवों और कस्बे का निरीक्षण किया।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष व जिले की नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने शुक्रवार को कई गांवों और कस्बे का निरीक्षण किया। उन्होंने बिद्दीवाड़ा में मॉस्क न लगाने वाले कई व्यापारियों और ग्राहकों के चालान कटवाए। उन्होंने सफाई व्यवस्था को परखा और संतोष जताया।
नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने डीएम सेल्वा कुमारी जे व अन्य अधिकारियों के साथ गांव शाहबाजपुर तिगाई का निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में लोगों को कोरोना और संचारी रोगों के बारे में लोगों को जागरूक किया। उन्होंने ग्रामीणों से मुंह को मॉस्क, रूमाल या कपड़े से ढकने की अपील की। शारीरिक दूरी का पालन करने और घर के अंदर व बाहर सफाई रखने तथा कहीं भी पानी इक्ट्ठा न होने देने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने कस्बा के बद्दीवाड़ा बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था शारीरिक दूरी का पालन होने का जायजा लिया। उन्होंने दो व्यापारियों द्वारा मास्क न लगाने व तीन ग्राहकों द्वारा मास्क न लगाने पर अधिकारियों को उनका चालान करने के निर्देश दिए। पालिका के ईओ ने उनका चालान कर जुर्माना वसूला। कंचन ने लाड़पुर गांव के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने गंगा चबूतरा देखा व स्कूल में हैंडपंप का अवलोकन किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को देख। उन्होंने गांव की गलियों को भी देखा। इसके बाद उन्होंने गंगधाड़ी गांव का निरीक्षण किया। पत्रकारों से बातचीत में कंचन वर्मा ने कहा कि जिले में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में है। टेस्ट खूब हो रहे हैं। मृत्यु दर बेहद कम है। लोगों को कोरोना के साथ-साथ संचारी रोगों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। यहां निगरानी समितियों ने अच्छा कार्य किया है।