ससुराल आए दामाद की हत्या कर शव गड्ढे में दबाया
शाहपुर (मुजफ्फरनगर) : ससुराल में पत्नी और बेटे से मिलने आए युवक की ऑनर किलिंग में हत्
शाहपुर (मुजफ्फरनगर) : ससुराल में पत्नी और बेटे से मिलने आए युवक की ऑनर किलिंग में हत्या कर दी गई। हत्यारोपितों ने उसके शव को ईख के खेत में पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया। युवक ने जाट समाज की युवती से प्रेम विवाह किया था। पुलिस ने बुधवार को उसका शव बरामद किया। छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृतक की पत्नी ने अपने भाइयों समेत दो रिश्तेदारों के खिलाफ अपहरण कर हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया है। सभी आरोपी फरार हैं।
बागपत के थाना क्षेत्र दोघट के मौजिजाबाद-नांगल गांव निवासी मनोज शर्मा पुत्र जगपाल शर्मा ने जनवरी, 2015 में मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के कुटबा गांव निवासी सोनिया पुत्री देवेंद्र से दिल्ली में कोर्ट मैरिज की थी। मनोज रक्षा मंत्रालय में बतौर डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद तैनात था। सोनिया शामली जिले में लेखपाल है। दंपती का डेढ़ साल का बेटा कबीर है। छह माह पूर्व दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। इससे आक्रोशित सोनिया बेटे कबीर के साथ अपने मायके कुटबा में आकर रहने लगी। बीती 18 सितंबर को मनोज दिल्ली से आधी ड्यूटी करने के बाद पत्नी और बेटे से मिलने कुटबा आया था। उसके गांव आने पर सोनिया के भाई सनी और आदेश ने विरोध किया। इसके बाद दोनों भाई अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर शाहपुर छोड़ने की बात कहकर उसे अपने साथ ले गए। अगले रोज भी मनोज अपने घर नहीं पहुंचा और न ही आदेश और सनी कुटबा लौटकर आए। सोनिया को शक हुआ तो उसने शाहपुर पुलिस को इत्तिला दे दी। पुलिस मनोज के मोबाइल की लोकेशन से तलाश में जुटी थी कि कुटबा-काकड़ा मार्ग पर जंगल में ईख के खेत में बुधवार रात उसकी लाश बरामद हो गई। हत्यारोपितों ने मनोज की गला घोंटकर हत्या कर करीब पांच फीट गहरा गड्ढा खोदकर दबा दिया था। पुलिस ने किसी तरह से शव बाहर निकाला और परीक्षण के लिए भिजवाया। गुरुवार सुबह को मौजिजाबाद-नांगल से मृतक के पिता जगपाल, मां सरिता, भाई सचिन और नितिन शाहपुर थाने पहुंचे। मृतक की पत्नी सोनिया ने अपने भाई सनी, आदेश, ममेरे भाई विशाल पुत्र संजय निवासी जोहड़ी, बागपत, मौसेरे भाई गुड्डू निवासी गांगनौली, बड़ौत के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों के घरों पर ताला लटका है। पुलिस उनकी तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। इनका कहना है..
आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है, जल्द ही हत्याकांड का राजफाश किया जाएगा।
- कुशलपाल ¨सह, थानाध्यक्ष, थाना शाहपुर।