ग्रामीण अंचल में लॉकडाउन का रहा पूर्ण असर
कस्बों और गांवों में भी पूर्ण लॉकडाउन का असर दिखाई दिया। बाजार बंद रहे और काफी कम लोग घरों से बाहर निकले। कुछ स्थानों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते लोगों को सड़कों पर आने से रोका। गांवों में भी पुलिस गश्त करती रही। पूर्ण लॉकडाउन से श्रमिक तबके को परेशानी उठानी पड़ी।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। कस्बों और गांवों में भी पूर्ण लॉकडाउन का असर दिखाई दिया। बाजार बंद रहे और काफी कम लोग घरों से बाहर निकले। कुछ स्थानों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते लोगों को सड़कों पर आने से रोका। गांवों में भी पुलिस गश्त करती रही। पूर्ण लॉकडाउन से श्रमिक तबके को परेशानी उठानी पड़ी।
पुरकाजी: पूर्ण लॉकडाउन में जरूरी चीजों को छोड़ दे तो बाकी सभी कुछ बंद रहा। लोग घरों से निकलकर गलियों के नुक्कड़ पर खड़े नजर आए। पुलिस और अर्धसैनिक बल दिनभर बेवजह बाहर घूमने वालों को हड़काते रहे। दोपहर में पुलिस ने हाईवे से अलग अन्य मार्गो पर लगे पेट्रोल पंप बंद कराए।
छपार : कोरोना से बचाव के लिए शनिवार को लॉकडाउन के चलते नेशनल हाईवे-58 पर सन्नाटा पसरा रहा। कस्बे के बाजार पूरी तरह से बंद रहे। पुलिस गश्त करती रही। केवल मेडिकल व पेट्रोल पंप ही खुले रहे।
चरथावल: कस्बे के बाजार व गलियों में सन्नाटा पसरा रहा। थाना प्रभारी सुबेसिंह यादव ने सुबह से ही चेकिग अभियान चलाकर लॉकडाउन का पालन न करने वाले लोगों के चालान काटे। लॉकडाउन से जहां आमजनों को भारी परेशानी उठानी पड़ी है, वहीं बाग ठेकेदारों व सब्जी उत्पादकों में भी बेचैनी दिखाई दी। बाग ठेकेदारों महताब, वाजिद व फिरोज का कहना है कि फसल बाजार में न जाने से खराब होने की कगार पर है।
सिखेड़ा: लॉकडाउन के दौरान शनिवार की सुबह से ही कस्बे से लेकर देहात तक की सड़कें और बाजार सूने रहे। इक्का-दुक्का गांव में दुकान खुलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बंद कराया। जानसठ : प्रदेश सरकार द्वारा लागू किये गए दो दिन के लॉकडाउन का पहला दिन मात्र दुकानें बंद होने तक ही सीमित रहा। बाजार में आमजन की आवाजाही रोकने में प्रशासन फेल नजर आया। सीओ शकील अहमद ने कहा कि लॉकडाउन का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
सिसौली : लॉक डाउन सिसौली क्षेत्र में पूरी तरह सफल रहा। अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों को चेतावनी दी गई।
मीरापुर : कस्बे में नागरिकों ने अपने घरों में रहकर लॉकडाउन का पालन किया। इस दौरान मैन बाजार, मुख्य बस स्टेंड, थाना चैराहा, पडाव चैक में पुलिसबल तैनात रहा। बाइकों व पैदल गुजरने वाले लोगों पर पुलिस ने सख्ती करते हुए उनके चालान काटकर वाहनों को सीज कर दिया।
मंसूरपुर: कोरोना पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर किए गए लॉकडाउन के दौरान मंसूरपुर का बाजार बंद रहा। हालांकि मेडिकल स्टोर खुले रहे। पुलिस ने हाईवे सहित कई स्थानों पर चेकिग की।