पुलिस-प्रशासन की निगरानी में की गई कोविड की जांच
खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड की जांच पुलिस-प्रशासन की निगरानी में की गई। एसडीएम ने भी अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद कोविड की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कर्मचारियों को सचेत किया। शुक्रवार को 200 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए। वहीं तोड़फोड़ करने वाले पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड की जांच पुलिस-प्रशासन की निगरानी में की गई। एसडीएम ने भी अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद कोविड की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए कर्मचारियों को सचेत किया। शुक्रवार को 200 से अधिक लोगों के सैंपल लिए गए। वहीं, तोड़फोड़ करने वाले पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
कोविड जांच बूथ पर गुरुवार को कुछ लोगों ने तोड़फोड़ कर लैब टेक्नीशियन संदीप और नेत्रपाल के साथ अभद्रता की थी। इससे स्वास्थ्यकर्मियों में दहशत बैठ गई। उन्होंने बिना सुरक्षा-व्यवस्था के जांच करने से हाथ खड़े कर दिए। इसके चलते शुक्रवार को अस्पताल में पुलिस तैनात की गई। कोविड जांच के दौरान एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सा प्रभारी डा. पुष्पेंद्र कुमार से जांच की जानकारी ली। पुलिस की निगरानी में बूथ पर कोविड जांच की गई। दोपहर तक करीब 200 लोगों के सैंपल एकत्र कर मेरठ लैब पर जांच के लिए भेजे गए हैं।
बता दें कि खतौली क्षेत्र में लगातार कोविड के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। डा. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि कोविड जांच की संख्या बढ़ाई गई है। इससे रोगियों की संख्या भी अधिक सामने आ रही है। कर्मचारियों की शिकायत
कुछ लोगों ने बूथ पर काम कर रहे कर्मचारियों की शिकायत भी दर्ज कराई है। गुरुवार को कोविड जांच के दौरान दो व्यक्तियों की नाक से ब्लड आ गया था। बताते हैं कि उनकी नाक में स्लाइड लगी थी। इसको लेकर भी स्वास्थ्य विभाग ने कर्मचारियों को संयम से कार्य करने की हिदायत दी है। 320 को लगा टीका
स्वास्थ्य केंद्र पर कोरोनारोधी टीकाकरण में शुक्रवार को 320 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। अस्पताल में प्रथम के साथ द्वितीय वैक्सीन लगवाने वालों की भी कतार लग रही है। इससे अस्पताल प्रशासन के हाथ-पांव फूल रहे हैं। भीड़ अधिक होने से व्यवस्था प्रभावित होती है।