आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही सरकार : नरेश टिकैत
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह को गुजरात में गिरफ्तार किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही गुजरात माडल है जिसका पूरे देश में प्रचार किया जाता है। कोई व्यक्ति अपनी बात मीडिया के सामने नहीं कह सकता।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह को गुजरात में गिरफ्तार किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही गुजरात माडल है, जिसका पूरे देश में प्रचार किया जाता है। कोई व्यक्ति अपनी बात मीडिया के सामने नहीं कह सकता।
शुक्रवार को सिसौली में पत्रकारों से बातचीत में नरेश टिकैत ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलने का प्रयास कर रही है। सरकार वार्ता नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि किसान चुप बैठने वाले नहीं हैं। अपने हक की लड़ाई के लिए भाकियू के सिपाही गिरफ्तार होने से भी नहीं घबराएंगे। भाकियू के जिला अध्यक्ष धीरज लाटियान ने कहा कि भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव युद्धवीर सिंह की गिरफ्तारी को भाकियू बर्दाश्त नहीं करेगी। जिला प्रशासन अपने तरीके से समाधान कराए। वरना जिले के सभी हाईवे और रेलमार्ग जाम किए जाएंगे।
खेत पर रहे नरेश टिकैत
प्रस्तावित बंद के दौरान जहां किसान सड़कों पर रहा, वहीं भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत अपने खेत पर रहे। उन्होंने खेत पर अपना काम देखा। वहीं से फोन पर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहे।
डीएम-एसएसपी ने भ्रमण कर परखी सुरक्षा-व्यवस्था
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के चक्का जाम के मद्देनजर पुलिस अलर्ट पर रही। थानेदार अपने क्षेत्र में जाम के प्वाइंट पर फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। डीएम-एसएसपी ने शहर समेत देहात में भ्रमण कर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। फोर्स को दिशा-निर्देश दिए।
कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन ने जिले में चक्का जाम की घोषणा की थी। चक्का जाम की घोषणा के मद्देनजर एसएसपी अभिषेक यादव ने पुलिस को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए थे। इसके चलते शुक्रवार सुबह से ही पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने मोरना, नावला कोठी, छपार, मीरापुर व चरथावल समेत अन्य स्थानों पर जाम लगा दिया। जाम के मद्देनजर संबंधित क्षेत्र के थानेदार फोर्स के साथ जाम वाले प्वाइंट पर मुस्तैद रहे।
एसपी सिटी, एसपी देहात व एसपी क्राइम भ्रमण कर मामले की जानकारी लेते रहे। शहर के मुख्य चौराहों, पुलिस चौकी और चेकपोस्ट पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रही। उधर, डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने शिव चौक व मीनाक्षी चौक समेत देहात के कई क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात फोर्स को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा दोनों आलाधिकारियों ने कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मास्क न लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। अधिकारियों ने थानेदारों को भी मास्क न लगाने वालों को समझाने के निर्देश दिए।