खाने के सामान व ट्रैक्टर के साथ किसानों का दिल्ली कूच
कृषि कानून के विरोध में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के लिए रविवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने खाने के सामान के साथ दिल्ली कूच किया। सभी ट्रैक्टरों पर तिरंगा व भाकियू का झंडा लहरा रहा था। सभी ट्रैक्टर चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुए। पुलिस ने किसानों को जगह-जगह रोकने का प्रयास किया लेकिन किसान नहीं रुके।
जेएनएन, मुजफ्फरनगर। कृषि कानून के विरोध में गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के लिए रविवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने खाने के सामान के साथ दिल्ली कूच किया। सभी ट्रैक्टरों पर तिरंगा व भाकियू का झंडा लहरा रहा था। सभी ट्रैक्टर चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुए। पुलिस ने किसानों को जगह-जगह रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं रुके। खतौली : दिल्ली गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए रविवार को भारतीय किसान यूनियन के ट्रैक्टर गंगनहर पुल पर एकत्र हुए। यहां से भाकियू मंडल महासचिव राजू अहलावत के नेतृत्व में किसानों ने ट्रैक्टरों पर सवार होकर दिल्ली कूच किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगराध्यक्ष मनोज सहरावत, राजवीर सिंह, जुल्फिकार, कपिल सोम, खड़क सिंह, प्रभात सैनी आदि शामिल रहे। इसके अलावा राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता भी ट्रैक्टरों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। श्रीकांत त्यागी, प्रदीप देशवाल, विलक्षण, अमित अहलावत, फरमान अली व समद आदि शामिल रहे। उधर, मंसूरपुर में भाकियू के प्रदेश सचिव चांदवीर सिंह बालियान के नेतृत्व में किसानों का जत्था रवाना हुआ। पुरकाजी : गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड में किसानों के पहुंचने को लेकर हंगामा होने के डर से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। पुलिस किसानों को समझाने का प्रयास कर रही है। न मानने पर शांतिपूर्वक जाने को कहा। पुलिस ने उत्तराखंड से आ रहे किसानों के फोटो खींचकर संगठन व गांव आदि के नाम नोट किए। किसानों ने ट्रालियों पर तिरपाल आदि लगाकर उसमें रहने व खाने-पीने की व्यवस्था की। ट्रैक्टरों पर म्यूजिक सिस्टम व तिरंगे लगाए। मोरना : मोरना क्षेत्र के गादला, नन्हेड़ा, रहमतपुर, गड़वा़ड़ा, रसूलपुर आदि गांवों से ब्लाक अध्यक्ष विकास चौधरी, जिला संगठन मंत्री सर्वेद्र राठी व जिला महासचिव योगेश शर्मा के नेतृत्व में 32 ट्रैक्टर ट्राली गंगनहर पटरी मार्ग से रवाना हुए। छपार : बरला गांव में देवबंद मार्ग पर स्थित प्राथमिक विद्यालय के बाहर रविवार सुबह राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ता अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंच गए। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और रैली नहीं निकालने के लिए समझाने का प्रयास किया। बाद में वह दिल्ली के लिए रवाना हुए।
मंगलौर में हुई अफसरों की बैठक
किसान आंदोलन को लेकर जिले के अफसर व उत्तराखंड के पुलिस अफसरों की हरिद्वार के मंगलौर में बैठक हुई। बैठक में एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय व इंस्पेक्टर जीतेंद्र सिंह यादव ने उत्तराखंड के पुलिस अधिकारियों के साथ किसान आंदोलन पर चर्चा की और रणनीति बनाई। वहीं जिले के नोडल अधिकारी आईजी हीरालाल ने दोनों सूबे के बार्डर पर पहुंचकर ड्यूटी व्यवस्था को परखा और किसानों की गतिविधियों की भी जानकारी ली।